NZ vs SA: सिर्फ तीन रन पर गिरे 3 विकेट, फिर 33 साल की खिलाड़ी ने ठोका शतक, टीम को बनाया चैंपियन

आईपीएल 2026 के रोमांच और चकाचौंध से मीलों दूर न्यूजीलैंड में चल रही महिला वनडे सीरीज का अंत हो गया. न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका की महिला टीमों के बीच खेली गई टी20 और वनडे सीरीज मेजबान टीम की जीत के साथ खत्म हुई. शनिवार 4 अप्रैल को दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मैच खेला गया, जिसे न्यूजीलैंड ने 66 रन के बड़े अंतर से जीत लिया और साथ ही सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया. हालांकि, न्यूजीलैंड ये मुकाबला हार सकती थी, अगर 33 साल की मैडी ग्रीन के बल्ले का जादू नहीं चलता, जिन्होंने शानदार शतक लगाया.

वेलिंग्टन में खेले गए इस मुकाबले से पहले सीरीज 1-1 की बराबरी पर थी. इससे पहले दोनों के बीच टी20 सीरीज भी खेली गई थी, जिसे न्यूजीलैंड ने 4-1 से अपने नाम किया था. ऐसे में साउथ अफ्रीका के पास कुछ हिसाब बराबर करने का मौका था और जिस तरह से निर्णायक वनडे मैच में अफ्रीकी टीम ने आगाज किया था, उससे इसकी संभावना नजर भी आ रही थी. मगर मैडी ग्रीन और उनके साथ ब्रूक हैलीडे ने साउथ अफ्रीका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.

न्यूजीलैंड ने इस मैच में पहले बैटिंग की लेकिन शुरुआती 19 गेंदों में सिर्फ 3 रन ही बन सके और टॉप-3 बल्लेबाज पवेलियन भी लौट गए. इसमें अनुभवी ओपनर सूजी बेट्स और कप्तान एमेली कर्र जैसे बल्लेबाज शामिल थे. सिर्फ 3 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद मैडी ग्रीन ने मोर्चा संभाला और उनका साथ दिया हैलीडे ने. दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 211 रन की बेहतरीन साझेदारी की. हैलीडे (98) तो शतक से चूक गई लेकिन ग्रीन ने अपना तीसरी सेंचुरी जमाकर ही दम लिया. ग्रीन आखिरी गेंद तक टिकी रहीं और 128 गेंदों में 141 रन (15 चौके) बनाकर नाबाद लौटीं. इसके दम पर न्यूजीलैंड ने 306 रन बनाए.

दूसरी ओर साउथ अफ्रीका की शुरुआत न्यूजीलैंड की पारी से बिल्कुल विपरीत अंदाज में हुई. टीम के लिए कप्तान और ओपनर लॉरा वुल्वार्ट ने टैजमिन ब्रिट्स के साथ मिलकर 68 रन की साझेदारी की. फिर एनेरी डर्कसन के साथ टीम को 145 रन तक पहुंचाया. ऐसी शुरुआत के बाद लग रहा था कि साउथ अफ्रीका आसानी से लक्ष्य तक पहुंच जाएगी लेकिन वुल्वार्ट के आउट होते ही विकेटों का पतझड़ लग गया. अगले 8 विकेट सिर्फ 95 रन पर ही लुढ़क गए और पूरी टीम सिर्फ 240 रन पर ढेर हो गई. साउथ अफ्रीका का ये हाल किया तेज गेंदबाज रोजमैरी मेयर ने, जिन्होंने 9.1 ओवर में 50 रन देकर 5 विकेट लिए.