Naseem Shah: पाकिस्तानी बॉलर नसीम का हुआ अपहरण? विवादित पोस्ट के बाद बड़ा दावा, जानिए सच्चाई

पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस वक्त इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर है क्योंकि देश में पाकिस्तान सुपर लीग का नया सीजन खेला जा रहा है. मगर इसके बावजूद कुछ न कुछ बवाल वहां मचा हुआ है. PSL के शुरुआती मैच में ही गेंद के रंग बदलने के कारण फजीहत हुई तो एक मैच में शाहीन शाह अफरीदी की टीम लाहौर कलंदर्स पर बॉल टेंपरिंग का आरोप लग गया और इसके चलते टीम पर पेनल्टी पड़ गई. मगर इससे बड़ा बवाल पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह को लेकर मचा हुआ है, जो एक सोशल मीडिया पोस्ट के कारण विवादों में फंस गए और अब दावा किया जा रहा है कि उन्हें अगवा कर लिया गया है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस्लामाबाद पोस्ट नाम के एक अकाउंट से सोमवार 30 मार्च को एक पोस्ट किया गया. इस पोस्ट में चौंकाने वाला दावा किया गया कि नसीम को अगवा किया गया है. पोस्ट में लिखा था, “पाकिस्तान के क्रिकेट स्टार नसीम शाह को एक घंटे पहले अनजान लोगों ने अगवा कर लिया है.” इसके बाद इस अकाउंट से इस बड़े दावे को लेकर कुछ और जानकारी नहीं दी गई.

नसीम शाह को लेकर ये दावा ऐसे वक्त में आया, जब वो अपने एक पोस्ट के कारण विवादों में फंस गए. असल में नसीम ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी और पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरयम नवाज को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था. उन्होंने लिखा, “उन्हें ऐसे क्यों पेश किया जा रहा है मानो वो लॉर्ड्स में महारानी आई हो?” ये पोस्ट उन्होंने PCB के ही अकाउंट से हुए पोस्ट के जवाब में लिखा था, जिसमें मरयम को PSL के मैच के दौरान स्टेडियम में VVIP ट्रीटमेंट दिया जा रहा था, जबकि मैच में दर्शकों पर बैन लगा है.

इस पोस्ट के बाद के बाद PCB ने नसीम शाह को फटकार लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया था. हालांकि बवाल मचने के बाद नसीम ने दावा किया था कि उनका अकाउंट किसी ने हैक कर लिया था और उन्होंने वो पोस्ट नहीं किया था.

इस विवाद के बाद ही नसीम के अगवा होने से जुड़ा चौंकाने वाला दावा किया जाने लगा. मगर क्या ये सच है? क्या वाकई में किसी ने नसीम को अगवा किया है? जवाब है नहीं- ये सारे दावे गलत हैं. सोशल मीडिया पर जांच करने में इस तरह का अन्य कोई दावा नहीं नजर आया. वहीं पाकिस्तानी मीडिया में भी इस तरह की कोई खबर नहीं है. यहां तक कि सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावे के समर्थन में भी कुछ भी अतिरिक्त जानकारी नहीं दी गई है और ये सिर्फ फर्जी दावा है.