Mustafizur Rahman: IPL से निकाले गए मुस्तफिजुर रहमान पर PSL में बरसा पैसा ही पैसा, मिले इतने करोड़

मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल से तो बाहर हो गए हैं लेकिन उन्हें पाकिस्तान सुपर लीग में नई टीम ने साइन कर लिया है. लाहौर कलंदर्स ने ऐलान किया कि उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान को सीधे अपनी टीम में शामिल किया है. बता दें बीसीसीआई के निर्देश के बाद मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर की टीम से हटा दिया गया, जिससे विवादों का एक सिलसिला शुरू हो गया. विवाद इतना बड़ा हो गया कि बांग्लादेश की टीम टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई और इसके विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने से मना कर दिया है. हालांकि अब मुस्तफिजुर को पाकिस्तान में करोड़ों का कॉन्ट्रैक्ट मिला.

कितने में हुआ मुस्तफिजुर का कॉन्ट्रैक्ट

मुस्तफिजुर रहमान का लाहौल कलंदर्स के साथ कॉन्ट्रैक्ट 6.4 करोड़ पीकेआर में हुआ है. मतलब भारतीय रुपयों में ये रकम 2 करोड़ रुपये है. हालांकि आईपीएल में रहमान को इससे लगभग 5 गुना ज्यादा पैसा मिला था. रहमान को 9.2 करोड़ रुपये मिले थे लेकिन उन्हें बाहर कर दिया गया. बता दें रहमान लाहौर कलंदर्स के लिए साल 2016 और 2018 में भी खेल चुके हैं. मुस्तफिजुर अब शाहीन अफरीदी, अब्दुल्लाह शफीक, सिकंदर रजा के साथ खेलते नजर आएंगे.

मुस्तफिजुर रहमान का पीएसएल करियर

बता दें मुस्तफिजुर रहमान ने पाकिस्तान सुपर लीग में सिर्फ पांच ही मैच खेले हैं. इस खिलाड़ी ने 5 मैचों में 4 विकेट झटके हैं और उनका इकॉनमी रेट 6.4 रन प्रति ओवर है. हालांकि मुस्तफिजुर को दूसरी टी20 लीग्स का जबरदस्त अनुभव है. वो आईपीएल में 5 टीमों के लिए खेले हैं, जिसमें उन्होंने 60 मैचों में 65 विकेट झटके हैं. बीपीएल में उन्होंने 92 मैचों में 121 विकेट चटकाए हैं. टी20 क्रिकेट में मुस्तफिजु को कुल 322 मैचों का अनुभव है जिसमें उनके नाम 412 विकेट हैं. उनका इकॉनमी रेट 7.4 रन प्रति ओवर है.