Mohammed Shami: स्टेडियम में बैठे थे सेलेक्टर, मोहम्मद शमी ने बल्ले से मचाया गदर, सिर्फ इतनी गेंदों पर ठोकी फिफ्टी

Mohammed Shami Fifty: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, जो अपनी घातक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने अब बल्ले से भी कमाल का प्रदर्शन किया है. रणजी ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टर फाइनल में आंध्र प्रदेश के खिलाफ बंगाल की ओर से खेलते हुए शमी ने एक तूफानी पारी खेली. खास बात ये रही कि मोहम्मद शमी ने ये पारी नेशनल सेलेक्टर आरपी सिंह के सामने खेली, जो इस मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में पहुंचे थे. शमी लंबे समय से टीम इंडिया का हिस्सा नहीं बने हैं, ऐसे में उन्होंने एक बार फिर वापसी की दावेदारी ठोक दी है.

मोहम्मद शमी का बल्ले से तूफान

इस बड़े मुकाबले में आंध्र प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 295 रन बनाए थे. इसके जवाब में बंगाल की टीम ने शानदार खेल दिखाया और पहली पारी में 629 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया. टीम के बल्लेबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिसमें सुदिप कुमार घरामी ने 299 रन बनाए, जो ट्रिपल सेंचुरी से चूक गए. वहीं, शाकिर हबीब गांधी ने 95 रनों की उपयोगी पारी खेली. लेकिन मोहम्मद शमी की पारी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

शमी नंबर 10 पर बल्लेबाजी करने उतरे, जब टीम पहले ही मजबूत स्थिति में थी. लेकिन उन्होंने तूफानी अंदाज अपनाया और सिर्फ 33 गेंदों में 53 रन ठोक डाले. उनकी इस पारी की खास बात यह रही कि उन्होंने 31 गेंदों में ही अर्धशतक पूरा कर लिया. शमी ने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के लगाए, जिससे उनका स्ट्राइक रेट 160 से ज्यादा का रहा. उनकी 53 रनों में से ज्यादातर बाउंड्री और सिक्स से आए.

टीम को 600 रन के पार पहुंचाया

शमी ने अपनी इस पारी के दौरान आखिरी विकेट के लिए मुकेश कुमार के साथ 55 रनों की साझेदारी की, जिसने बंगाल के स्कोर को 600 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. हालांकि, गेंदबाजी में शमी कुछ खास नहीं कर सके, वह पहली पारी में 17 ओवर में 38 रन खर्च करके 1 विकेट ही हासिल कर सके.