Matt Renshaw: सिर्फ 124 रन तक गिरे 6 विकेट, फिर चमका ‘सबसे युवा’ बल्लेबाज, शतक ठोककर ऑस्ट्रेलिया को बचाया

पूरे 8 साल से भी ज्यादा वक्त के बाद साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची ऑस्ट्रेलिया का आगाज अच्छा नहीं रहा. मगर पहले टेस्ट मैच में ही उसे एक नया स्टार मिल गया. डरबन में टेस्ट सीरीज के पहले मैच के पहले दिन सिर्फ 124 रन तक 6 विकेट गंवाकर बैकफुट पर नजर आ रही ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन वापसी की और मुकाबले लायक स्थिति में पहुंची.

इसकी वजह बने मैट रेनशॉ, जिन्होंने इन मुश्किल हालातों में एक जबरदस्त शतक लगाया.

किंग्समीड ग्राउंड में शुक्रवार 9 अक्टूबर से इस टेस्ट मैच की शुरुआत हुई थी, जिसके पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने ट्रैविस हेड, स्टीवन स्मिथ और मार्नस लाबुशेन जैसे बल्लेबाजों के विकेट जल्दी गंवा दिए थे. इसके चलते टीम का 200 रन तक पहुंचना भी मुश्किल नजर आ रहा था. ऐसे वक्त में बाएं हाथ के बल्लेबाज मैट रेनशॉ और कप्तान पैट कमिंस ने पारी को संभाला और अर्धशतकीय साझेदारी की. दोनों ने इस साझेदारी को दूसरे दिन भी जारी रखा और मिलकर 96 रन जोड़े.

पैट कमिंस तो दूसरे दिन आउट हो गए लेकिन रेनशॉ जमे रहे और पहले सेशन में ही उन्होंने अपना शतक पूरा कर लिया. डरबन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के सबसे युवा खिलाड़ी के रूप में खेल रहे 30 साल के रेनशॉ ने 204 गेंदों में 100 रन का आंकड़ा छुआ और ऐसा करते हुए टीम को 270 रनों के पार पहुंचा दिया. रेनशॉ का टेस्ट क्रिकेट में ये दूसरा ही शतक है, जबकि उनका पहला शतक 9 साल पहले 2017 में आया था. साउथ अफ्रीका में किसी भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का 2014 के बाद ये पहला ही टेस्ट शतक है. 12 साल पहले डेविड वॉर्नर ने केपटाउन टेस्ट में 145 रन बनाए थे.

Leave a Comment