Match Fixing: KKR के लिए खेल चुके खिलाड़ी पर लगा बैन, मैच फिक्सिंग का दोषी पाया गया

Javon Searles Match Fixing: वेस्टइंडीज क्रिकेट पर एक बार फिर फिक्सिंग का दाग लगा है. उसके तेज गेंदबाज जेवॉन सीयर्ल्स मैच फिक्सिंग के दोषी पाए गए हैं. आईसीसी ने इस खिलाड़ी को एंटी करप्शन कोड के उल्लंघन का दोषी पाया गया है. इस खिलाड़ी ने साल 2023-24 में हुई Bim10 League में हिस्सा लिया था, ये टूर्नामेंट बारबाडोस में आयोजित हुआ था जहां उन्होंने मैच फिक्सिंग को अंजाम दिया. जेवॉन सीयर्ल्स के अलावा उनकी टीम के दो अधिकारी भी मैच फिक्सिंग के दोषी पाए गए हैं और उन्हें भी निलंबित कर दिया गया है.

वेस्टइंडीज का तेज गेंदबाज मैच फिक्सर निकला

आईसीसी की ओर से जारी रिलीज के मुताबिक जेवॉन सीयर्ल्स के अलावा उनकी टीम के अधिकारी चितरंजन राठौड़ और ट्रेवॉन ग्रिफिथ को एंटी करप्शन कोड के कई मामलों में उल्लंघन का दोषी पाया गया है. जेवॉन सीयर्ल्स चार मामलों के उल्लंघन के दोषी पाए गए हैं. बता दें इससे पहले कैरेबियाई खिलाड़ी एरॉन जोंस भी मैच फिक्सिंग की वजह से दोषी पाए गए थे.

सीयर्ल्स पर ये आरोप भी लगे हैं

सीयर्ल्स ने मैच फिक्सिंग के लिए मिरे ऑफर्स की जानकारी अपने बोर्ड को नहीं दी. उन्होंने भ्रष्टाचार के संभावित मामलों की एंटी करप्शन यूनिट की जांच में रुकावट डाली. उन्होंने जांच में अहम जानकारी छिपाई. बता दें सीयर्ल्स को जवाब देने के लिए 14 दिनों का समय दिया गया है और जवाब ना देने तक वो बैन रहेंगे. अगर उन्होंने जवाब नहीं दिया तो वो शायद कभी क्रिकेट के मैदान पर ना उतर पाएं.

IPL खेले हैं जेवॉन सीयर्ल्स

जेवॉन सीयर्ल्स की उम्र 39 साल है, वो बारबाडोस के रहने वाले हैं. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 9 फर्स्ट क्लास मैचों में 26 विकेट लिए हैं. लिस्ट ए में उनके नाम 17 मैचों में 21 विकेट हैं. टी20 में उन्होंने 31 मैचों में 29 विकेट लिए हैं. साल 2018 में उन्होंने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 3 मैच खेले और उन्होंने 2 विकेट अपने नाम किए.