Marco Jansen: पहले बल्ले से दिखाया कमाल, अब गेंद से मचाया धमाल…साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को यानसन ने दूसरे टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलियाई बैटिंग ऑर्डर को तबाह कर दिया.
बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम अकेले निपटा दी थी. ब्यू वेबस्टर को आउट करते ही उन्होंने अपना फाइव विकेट हासिल कर लिया. यानसन ने ट्रेविस हेड, स्कॉट बोलैंड, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी और ब्यू वेबस्टर को आउट किया. ये टेस्ट में यानसन का पांचवां फाइव विकेट हॉल है और गजब की बात ये है कि उन्होंने ये कमाल पांच अलग-अलग विरोधियों के खिलाफ किया है.
मार्को यानसन का पंजा
मार्को यानसन ने ऑस्ट्रेलिया के अलावा इंग्लैंड और भारत के खिलाफ फाइव विकेट हॉल हासिल किया है. पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ भी वो ये कमाल कर चुके हैं. श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने मैच में 10 विकेट भी हासिल किए हैं. यानसन अबतक 23 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें वो महज 20.6 की औसत से 98 विकेट ले चुके हैं.
यानसन ने बल्ले से किया था कमाल
गेंदबाजी से पहले मार्को यानसन ने पहली पारी में बल्लेबाजी में अपना दम दिखाया था. यानसन ने 8वें नंबर पर उतरकर 85 रनों की पारी खेली. साउथ अफ्रीका की टीम जब मुसीबत में थी तो यानसन ने कमाल की हिटिंग करते हुए 3 छक्के और 9 चौके लगाए. इस खिलाड़ी ने 8वें विकेट के लिए टेंबा बावुमा के साथ 132 रन जोड़े. यानसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ दूसरा टेस्ट अर्धशतक लगाया है और ये इस टीम के खिलाफ उनका बेस्ट स्कोर भी है. टेस्ट में यानसन पांच अर्धशतक लगा चुके हैं.
सेंट जॉर्ज पार्क में खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में साउथ अफ्रीका ने 425 रन बनाए. टेंबा बावुमा ने सबसे ज्यादा 179 रन की पारी खेली. 10वें नंबर पर बैटिंग करने उतरे साइमन हार्मर ने भी 82 रनों की बेमिसाल पारी खेली. वहीं दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग इस पिच पर पूरी तरह फेल साबित हुई. ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 100 रन भी नहीं बना सकी, वो 99 रनों पर ढेर हो गई.