National T20 Cup 2026: पाकिस्तान में इस समय घरेलू टूर्नामेंट नेशनल टी20 कप खेला जा रहा है. इस टूर्नामेंट के 13वें मैच में एक बड़ा हादसा देखने को मिला. दरअसल, पाकिस्तान का एक स्टार खिलाड़ी फील्डिंग के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गया. ये चोट इतनी गंभीर थी कि खिलाड़ी को स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर लेकर जाना पड़ा. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी इस खिलाड़ी की चोट पर बड़ा अपडेट दिया है, जिसने फैंस की टेंशन बढ़ा दी है.
पाकिस्तानी खिलाड़ी को लगी गंभीर चोट
नेशनल टी20 कप 2026 के दौरान पाकिस्तान के तेज गेंदबाज जमान खान को चोट का सामना करना पड़ा. यह घटना 13 मार्च 2026 को पेशावर के इमरान खान क्रिकेट स्टेडियम में फैसलाबाद और पेशावर के बीच खेले गए मैच के दौरान घटी. फैसलाबाद टीम की ओर से खेलते हुए जमान खान को ये चोट लगी. फील्डिंग करते समय दाएं उनके कंधे में एक्रोमियोक्लेविकुलर जॉइंट (ACJ) का डिस्लोकेशन हो गया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है.
चोट लगने के बाद जमान खान को तुरंत स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर जाना पड़ा. पीसीबी ने अपडेट दिया है कि जमान खान 14 मार्च 2026 को लाहौर स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) पहुंचेंगे, जहां मेडिकल टीम की ओर से उनकी पूरी जांच की जाएगी. इसके बाद रिकवरी और रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम तय किया जाएगा.
I hope he’s fine but reports state that Zaman Khan has broken his arm during fielding in the NT20 Cup. pic.twitter.com/BZHpkWFqRE
— Mohammad Aizaz (@SeedaBalla93) March 13, 2026
PSL 2026 में खेलने पर सस्पेंस
यह चोट जमान खान के लिए विशेष रूप से बुरी खबर है क्योंकि पीएसएल 11 का आगाज 28 मार्च 2026 से होने वाला है. जमान खान को नई टीम पिंडीज ने गोल्ड कैटेगरी में रिटेन किया है, लेकिन अब उनकी भागीदारी पर संकट मंडरा रहा है. अगर रिकवरी में देरी हुई तो वे शुरुआती मैचों से बाहर हो सकते हैं, जो उनकी टीम के लिए बड़ा झटका होगा. बता दें, जमान खान पाकिस्तान क्रिकेट में उभरते हुए तेज गेंदबाजों में से एक हैं, जिनका अनोखा एक्शन और डेथ ओवर्स में गेंदबाजी टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित होती है. पिछले कुछ समय में उन्होंने घरेलू और इंटरनेशनल लेवल पर अच्छा प्रदर्शन किया है.