Live मैच में डरावना हादसा! सीधा सिर पर लगी बाउंसर, आनन-फानन में ले जाना पड़ा हॉस्पिटल

Kelis Ndhlovu Being Struck by Bouncer: जिम्बाब्वे की महिला टीम इस समय न्यूजीलैंड के दौरे पर है. दौरे की शुरुआत टी20 सीरीज के साथ हुई थी और अब वनडे सीरीज खेली जा रही है. सीरीज के दूसरे मैच में न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से बाजी मारी और 2-0 से सीरीज में अजेय बढ़त बना ली. लेकिन मुकाबले के दौरान जिम्बाब्वे की महिला टीम को एक बड़ा झटका लगा. जिम्बाब्वे की ओपनर केलिस नधलोवु बल्लेबाजी के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गईं. जिसके चलते उन्हें आनन-फानन में हॉस्पिटल ले जाना पड़ा.

जिम्बाब्वे की बल्लेबाज को लगी गंभीर चोट

ड्यूनेडिन के यूनिवर्सिटी ओवल में खेले गए इस मुकाबले में केलिस नधलोवु को न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाज ब्री इलिंग की एक तेज बाउंसर गेंद ने हेलमेट के साइड में जोरदार चोट पहुंचाई. ये घटना मुकाबले की शुरुआत में घटी. केलिस उस समय मोडेस्टर मुपाचिक्वा के साथ ओपनिंग कर रही थीं और दोनों ने 25 रनों की साझेदारी की थी. तभी बाउंसर पर डक करने की कोशिश में गेंद उनके हेलमेट से टकराई, जिसके बाद वह मैदान पर गिर पड़ीं.

मेडिकल टीम ने तुरंत मैदान पर इलाज शुरू किया और उन्हें एम्बुलेंस से स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके स्कैन कराए गए. ज़िम्बाब्वे की कोच केट इब्राहिम ने बाद में अपडेट देते हुए कहा कि केलिस अब प्रतिक्रिया दे रही हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है. वह स्कैन के नतीजों का इंतजार कर रही हैं. कोच ने बताया कि टीम ने उनके साथी बल्लेबाज मोडेस्टर का भी मानसिक रूप से ख्याल रखा ताकि पारी जारी रख सकें. वहीं, केलिस की जगह टेंडाई मकुशा को कॉन्स्यूशन सब्स्टीट्यूट के रूप में मैदान पर उतारा गया.

न्यूजीलैंड ने आसानी से जीता मैच

इस मैच में जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 29.1 ओवर ही खेल सकी और 102 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट चटकाए, जिससे मैच उनके नाम रहा. वहीं, कीवी टीम ने इस टारगेट को 16.2 ओवर में सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. अब सीरीज का आखिरी मैच 11 मार्च को खेला जाएगा.