India Captains vs Mumbai Spartans: जिस दिन IPL 2026 के पहले फेज का शेड्यूल आया, उसी दिन से लेजेंड्स लीग क्रिकेट 2026 का आगाज हुआ. हल्दवानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंडिया कैप्टंस और मुंबई स्पार्टंस के बीच इस T20 लीग का पहला मुकाबला हुआ. इस मुकाबले को इंडिया कैप्टंस ने जीता. बड़ी बात ये रही कि इंडिया कैप्टंस की जीत में जो खिलाड़ी हीरो बना वो मैच में जीरो पर आउट हुआ.
इंडिया कैप्टंस ने 20 ओवर में बनाए 150 रन
मुकाबले में इंडिया कैप्टंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 9 विकेट पर 150 रन बनाए. इंडिया कैप्टंस शुरुआत अच्छी नहीं हुई. ओपनिंग जोड़ी 4 रन बनाकर आउट हुई. मगर उसके बाद दूसरे विकेट के लिए उपल थरंगा और विकेटकीपर बल्लेबाज शेल्डन जैक्सन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई. उपल थरंगा 23 रन बनाकर आउट हुए तो शेल्डन का साथ देने कप्तान सौरभ तिवारी आए, मगर 6 गेंदों का सामना कर भी वो खाता नहीं खोल सके. शेल्डन जैक्सन के तौर पर इंडिया कैप्टंस का चौथा विकेट गिरा जो इस टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे. उन्होंने 31 गेंदों पर 51 रन बनाए.
मिडिल ऑर्डर में गौरव तोमर ने 21 रन बनाए. वहीं नीचले क्रम में प्रवीण गुप्ता ने 27 रन की नाबाद पारी खेली. इन दोनों के बीच 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे एश्ले गुनारत्ने का भी खाता नहीं खुला. वो पहली गेंद पर ही आउट हो गए. मगर एश्ले गुनारत्ने को इंडिया कैप्टंस की जीत में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
जीरो पर आउट होने वाला क्यों बना प्लेयर ऑफ द मैच?
अब सवाल है कि जीरो पर आउट होकर भी इंडिया कैप्टंस की जीत में एश्ले गुनारत्ने कैसे प्लेयर ऑफ द मैच बन गए? तो ये उपलब्धि उन्होंने अपनी गेंदबाजी की बदौलत हासिल की. बल्ले से तो नहीं मगर इस ऑलराउंडर ने गेंद से इंडिया कैप्टंस की जीत में अहम भूमिका निभाई.
इंडिया कैप्टंस से मिले 151 रन के लक्ष्य का पीछा करने मुंबई स्पार्टंस की टीम जब उतरी तो उसके लिए वहां तक पहुंचना मुश्किल हो गया. मुंबई स्पार्टंस के लिए लक्ष्य हासिल करने के काम को मुश्किल बनाने का काम एश्ले गुनारत्ने ने किया. उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट चटकाए. इनकी दमदार गेंदबाजी का ही नतीजा रहा कि मुंबई स्पार्टंस 127 रन पर ऑल आउट हो गई. इस तरह इंडिया कैप्टंस ने मुकाबला 23 रन से जीत लिया और एश्ले गुनारत्ने उसके हीरो बने.