Kal Ka Match Kon Jeeta: कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में एकतरफा नजारा देखने को मिला। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 169 रन ही बना सकी।
जवाब में खेलते हुए न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
प्रोटियाज टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही, कीवी गेंदबाजों ने क्विंटन डी कॉक (10) और रयान रिकलटन (0) को जल्दी पवेलियन भेज दिया। कप्तान एडन मार्करम भी 18 रनों के निजी स्कोर पर रचिन रवींद्र का शिकार बने। एक समय दक्षिण अफ्रीका गहरे संकट में थी, लेकिन डेवाल्ड ब्रेविस के 34 रन और ट्रिस्टन स्टब्स के 29 रनों ने पारी को स्थिरता दी।
अंत में मार्को यानसेन ने संकटमोचक की भूमिका निभाते हुए मात्र 30 गेंदों में 55 रनों की नाबाद आतिशी पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जानसेन की इस पारी में 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे, जिसकी बदौलत टीम का रन रेट 8.45 तक पहुंच सका।
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने जवाबी हमले में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दी। कीवी ओपनर्स टिम सीइफर्ट और फिन एलन ने ईडन की पिच पर मानो रनों की सुनामी ला दी। दोनों ने मिलकर तबाही मचाते हुए नई गेंद पर ही मैच का फैसला कर दिया था। इस बीच 117 रनों के कुल स्कोर पर कीवी टीम को साइफर्ट के रूप में पहला झटका लगा, वह 58 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए।
फिन एलन ने अफ्रीकी गेंदबाजों के ऊपर अपने बल्ले से लगातार प्रहार करते हुए न्यूजीलैंड को 13वें ओवर में जीत दिला दी। विजयी चौके के साथ उन्होंने अपना शतक भी पूरा कर लिया। एलन ने 33 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, इसमें 10 चौके और 8 धमाकेदार छक्के देखने को मिले। न्यूजीलैंड ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है और साउथ अफ्रीकी टीम निराश होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।