नई दिल्ली: 18 साल के जेजे बैसन के स्कूल की पढ़ाई भी खत्म नहीं हुई है। साउथ अफ्रीका के इस खिलाड़ी ने लायंस के लिए पिछले हफ्ते फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। उन्होंने अपने पहले ही मैच में 99 रन देकर 11 विकेट झटक लिए।
यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट डेब्यू में किसी भी साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज का बेस्ट प्रदर्शन है। उनकी टीम का मुकाबला बोलैंड से था। पहली पारी में जेजे बैसन ने 62 रन देकर 7 विकेट लिए तो दूसरी पारी में 37 रन देकर 4 बल्लेबाजों को आउट किया।
बैसन ने प्रमुख बल्लेबाजों को आउट किया
बोलैंड की पहली पारी में जेजे बैसन ने टॉप-7 बल्लेबाजों के विकेट लिए। पहली पारी के अपने तीसरे ओवर में बैसन ने बोलैंड के ओपनर ब्लेड कैपेल को बोल्ड किया। उनका अगला विकेट गैविन कपलान का था जिन्होंने पिछले सीजन 900 से ज्यादा रन बनाए थे। वे पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। ओपनिंग जोड़ी के दूसरे खिलाड़ी रुआन टरब्लैंच को आउट करने के बाद, बैसन ने दो टेस्ट में कप्तानी कर चुके नील ब्रांड को बोल्ड किया। 90 रन तक पहुंचने में बोलैंड के 6 विकेट गिर चुके थे और सभी विकेट बैसन के नाम ही थे।
अपने प्रदर्शन पर क्या बोले बैसन?
इस साल की शुरुआत में हुए अंडर-19 विश्व कप में जेजे बैसन साउथ अफ्रीका के सबसे सफल गेंदबाज थे। डेब्यू मैच में दमदार प्रदर्शन पर क्रिकइंफो के अनुसार बैसन ने कहा, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरा पहला मैच इस तरह खत्म होगा। जिस तरह से मैंने योगदान दिया, वह वाकई बहुत शानदार था और मैंने जो हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है। मैं निश्चित रूप से इस मैच को लंबे समय तक याद रखूंगा।’
एलन डोनाल्ड बैसन से काफी प्रभावित
साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड भी जेजे बैसन से काफी प्रभावित है। उन्होंने बैसन की तुलना कागिसो रबाडा से की है। उन्होंने कहा- यह वैसा ही है जैसे जब मैंने पहली बार केजी (कागिसो रबाडा) को देखा था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड ओवल में टी20 मैच में उन्होंने जबरदस्त खेल दिखाया था। मुझे तभी पता चल गया था। कभी-कभी ऐसे बच्चे सामने आते हैं जो एक ऐसी खोज होते हैं जिन्हें आप आगे बढ़ाना और निखारना चाहते हैं।