Jammu and Kashmir vs Rest of India, Irani Cup: शेष एकादश 17 रन से पीछे और हाथ में 9 विकेट, मुकेश चौधरी ने 78 रन देकर झटके 5 विकेट?

श्रीनगरः मुकेश चौधरी ने शेष एकादश के लिए 78 रन पर पांच विकेट झटककर शानदार प्रदर्शन किया जिससे टीम ने शुक्रवार को यहां ईरानी कप मैच में जम्मू-कश्मीर को 278 रन पर रोकने के बाद दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट गंवाकर 24 रन बना लिए।

शेष एकादश ने दूसरी पारी में शिखर मोहन (02) का विकेट जल्दी गंवा दिया जिससे वह अब भी 17 रन से पीछे चल रही है।

तेज गेंदबाजों के दबदबे वाले मुकाबले में जम्मू कश्मीर ने पहली पारी के आधार पर 41 रन की बढ़त हासिल की। पहले दिन शेष एकादश के 237 रन पर ऑल आउट होने के बाद घरेलू टीम के बल्लेबाजों को भी विपक्षी तेज गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करना पड़ा। जम्मू-कश्मीर ने पहले दिन दिन स्टंप तक पहले सात ओवर में ही दो विकेट गंवा दिए थे।

दूसरे दिन टीम 278 रन पर ऑल आउट हो गई। उसके लिए कप्तान पारस डोगरा ने 75 रन, अब्दुल समद ने 57 रन और नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले लोन नासिर मुजफ्फर ने 64 रन का योगदान दिया। शेष एकादश के बल्लेबाज सनत सांगवान स्टंप तक 10 रन और सुदीप कुमार घरामी 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

Leave a Comment