Irani Cup: मुकेश और आकाश का कहर, J&K सिर्फ 29 ओवर में ढेर, रेस्ट ऑफ इंडिया बनी चैंपियन

रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू और कश्मीर (J&K) का ‘डॉमेस्टिक डबल’ जीतने का ख्वाब अधूरा ही रह गया. पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने वाली J&K के पास ईरानी कप जीतने का भी मौका था.

मगर उसकी ये कोशिश पूरी नहीं हो पाई. रेस्ट ऑफ इंडिया ने मैच के चौथे दिन जम्मू और कश्मीर को सिर्फ 111 रन पर ढेर कर दिया और 167 रन के बड़े अंतर से ईरानी कप जीत लिया. ऋषभ पंत की कप्तानी वाली रेस्ट ऑफ इंडिया की जीत के स्टार तेज गेंदबाज मुकेश कुमार रहे, जिन्होंने आखिरी पारी में 6 विकेट लिए.

श्रीनगर में आयोजित हुए ईरानी कप के इस मैच में रविवार 4 अक्टूबर को रेस्ट ऑफ इंडिया की दूसरी पारी पहले सेशन में ही खत्म हो गई थी. अपने तीसरे दिन के स्कोर में रेस्ट ऑफ इंडिया सिर्फ 14 रन जोड़ पाई और टीम 320 रन पर ऑल आउट हुई. शतक लगाने वाले स्मरण रविचंद्रन 135 रन बनाकर सबसे अंत में आउट हुए. इस तरह जम्मू-कश्मीर को जीत के लिए 279 रन का लक्ष्य मिला था.

मुकेश-आकाश के आगे J&K ढेर

जम्मू-कश्मीर ने इस रनचेज की शुरुआत तो दमदार की और उसके ओपनर्स ने 54 रन की साझेदारी की. मगर जैसे ही पहला विकेट गिरा, वहां से फिर टीम की हालत बिगड़ती ही गई. भारतीय टेस्ट टीम के लिए खेल चुके तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और आकाश दीप ने ऐसा कहर बरपाया कि एक-एक कर सभी बल्लेबाज पवेलियन लौटते गए और सिर्फ 28.4 ओवर में ही 111 रन पर पूरी टीम ढेर हो गई. टीम के लिए सबसे ज्यादा 36 रन ओपनर शुभम खजूरिया ने ही बनाए. वहीं रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए मुकेश कुमार ने 6, जबकि आकाश दीप ने 3 विकेट लिए.

 

 

कप्तान पंत के बिना ही जीती टीम

हालांकि कप्तान ऋषभ पंत आखिरी दिन मैदान पर नहीं उतरे क्योंकि वो तीसरे दिन से ही बुखार से काफी ज्यादा परेशान थे. यही कारण था कि वो दूसरी पारी में भी 8वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे. ऐसे में आखिरी पारी में पंत की जगह सरफराज खान ने रेस्ट ऑफ इंडिया की कमान संभाली और टीम को जीत तक ले गए.

Leave a Comment