नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL 2027 के लिए उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल को अपनी टीम में बरकरार रखा है। हालांकि, दयाल को खुद उम्मीद नहीं थी कि फ्रेंचाइजी उन्हें आगामी सीजन के लिए रिटेन करेगी।
वह इस फैसले से काफी खुश हैं और अब टीम के भरोसे पर खरा उतरना चाहते हैं।
रिटेन किए जाने पर क्या बोले यश दयाल?
यश दयाल ने टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) से बातचीत में RCB के फैसले पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि RCB मुझे रिटेन करेगी। टीम ने मुझे अपने साथ बनाए रखा और मुझ पर भरोसा दिखाया। इसलिए मैं उनके लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करूंगा। मेरे पास जितना भी अनुभव है, उसका इस्तेमाल करते हुए इस सीजन में अपना 100 प्रतिशत दूंगा।’
IPL 2026 में नहीं खेले थे यश दयाल
यश दयाल IPL 2026 में RCB की टीम के लिए मैदान पर नहीं उतरे थे। इस दौरान उन्हें घर बैठकर टीवी पर मैच देखने पड़े। उन्होंने स्वीकार किया कि अपने साथियों को खेलते हुए देखना और खुद टीम का हिस्सा होकर मैदान पर नहीं उतर पाना उनके लिए निराशाजनक था। दयाल ने कहा, ‘जाहिर है, जब आपकी अपनी टीम के खिलाड़ी खेल रहे होते हैं और आप घर पर बैठकर टीवी पर मैच देखते हैं, तो बुरा लगता है। लेकिन कोई बात नहीं, अब मैं खेल सकता हूं।’
IPL 2025 में RCB की पहली खिताबी जीत में निभाई थी अहम भूमिका
यश दयाल ने IPL 2025 में RCB की पहली खिताबी जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने उस सीजन में 13 विकेट हासिल किए थे। हालांकि, उनका गेंदबाजी औसत 36.15 और इकोनॉमी रेट 9.59 रहा था। इसके बाद IPL 2026 में उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद RCB ने खिताब जीतने में सफलता हासिल की। टीम में उनकी जगह रासिख सलाम दार को अधिक मौके मिले। रासिख ने 12 मुकाबलों में 21.31 की औसत से 19 विकेट हासिल किए।
टीम इंडिया के लिए खेलने का सपना अब भी बरकरार
28 वर्षीय यश दयाल ने भारतीय टीम के लिए खेलने का सपना नहीं छोड़ा है। उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली थी, लेकिन उन्हें अंतरराष्ट्रीय टेस्ट डेब्यू करने का मौका नहीं मिला। दयाल अब घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करके टीम इंडिया में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
IPL 2027 के लिए RCB के रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ी
रिटेन किए गए खिलाड़ी:
रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, जितेश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या, जोश हेजलवुड, फिल साल्ट, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, देवदत्त पडिक्कल, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, जॉर्डन कॉक्स, रासिख सलाम दार, सुयश शर्मा, विक्की ओस्तवाल, अभिनंदन सिंह, कनिष्क चौहान और यश दयाल।
रिलीज किए गए खिलाड़ी:
मंगेश यादव – 5.2 करोड़ रुपये जैकब बेथेल – 2.6 करोड़ रुपये रिचर्ड ग्लीसन – 1.6 करोड़ रुपये सात्विक देसवाल – 30 लाख रुपये विहान मल्होत्रा – 30 लाख रुपये.