IPL 2027 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 20वें सीजन को लेकर बड़ा आधिकारिक ऐलान हो गया है. पिछले तीन सीजन से विदेशी धरती पर आयोजित होने के बाद आईपीएल ऑक्शन की आखिरकार भारत में वापसी हो रही है.
आईपीएल के चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने बड़ा ऐलान करते हुए बताया है कि आगामी मिनी-ऑक्शन का आयोजन गोवा में किया जाएगा. इसके साथ-साथ उन्होंने तारीख पर भी बड़ा खुलासा किया है.
कब होगा IPL 2027 ऑक्शन?
आईपीएल के चेयरमैन अरुण सिंह धूमल के मुताबिक, ऑक्शन के लिए दिसंबर की तारीखों पर विचार किया गया है और इसका आयोजन 15 से 16 दिसंबर के आसपास होने की पूरी संभावना है. क्योंकि यह एक मिनी-ऑक्शन होगा, इसलिए खिलाड़ियों पर बोली लगाने की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में खत्म हो जाएगी.
बता दें, आईपीएल ऑक्शन पिछले कुछ सालों से विदेश में हो रहे थे. लीग की पिछली तीन नीलामियों की मेजबानी दुबई, जेद्दा और अबू धाबी ने की थी. चेयरमैन अरुण धूमल ने बताया कि बोर्ड ने जानबूझकर और सोच-समझकर इस बार ऑक्शन को देश में वापस लाने की ठोस पहल की है. घरेलू लेवल पर शादियों के सीजन के चलते बड़े शहरों में होटलों और वेन्यू की भारी मांग रहती है, लेकिन मिनी-ऑक्शन का दायरा छोटा होने के कारण गोवा को चुना गया है.
सिर्फ 1 दिन क्यों चलेगा मिनी-ऑक्शन?
मेगा ऑक्शन के मुकाबले, जहां सैकड़ों खिलाड़ियों की बोली दो दिनों तक चलती है, मिनी-नीलामी में फ्रेंचाइजियों को सिर्फ अपनी जरूरत के मुताबिक कुछ सीमित स्लॉट्स भरने होते हैं. सभी 10 फ्रेंचाइजियां अपनी कोर टीम को बरकरार रखते हुए खाली जगहों के लिए बोली लगाएंगी, जो रोमांचक साबित होगी, जहां देशी और विदेशी सितारों पर करोड़ों की बारिश होगी.