IPL 2027: आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी कर सभी को चौंका दिया है. आगामी मिनी ऑक्शन के लिए CSK ने अपने स्क्वाड में बड़ा बदलाव करते हुए कुल 11 खिलाड़ियों को रिलीज किया है.
इस लिस्ट में सबसे बड़ा नाम दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी का है, जिन्होंने आईपीएल से संन्यास लेकर अब टीम मेंटोर की नई भूमिका संभाल ली है. धोनी के अलावा फ्रेंचाइजी ने प्रशांत वीर मैट हेनरी जैसे महंगे प्लेयर्स को भी बाहर का रास्ता दिखाकर सभी को हैरान कर दिया है. इन फैसलों के बाद अब चेन्नई के पर्स में 28.05 करोड़ रुपये बचे हैं.
धोनी बने मेंटोर, प्रशांत वीर मैट हेनरी की हुई छुट्टी
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह रिटेंशन एक नए युग की शुरुआत जैसा है. पूर्व कप्तान एमएस धोनी अब मैदान पर खेलते हुए नजर नहीं आएंगे, बल्कि डगआउट से टीम को मार्गदर्शन देते दिखेंगे. एक्टिव खिलाड़ियों की बात करें तो सीएसके ने सबसे चौंकाने वाला फैसला प्रशांत वीर को रिलीज करके लिया है, जिनकी कीमत 14.20 करोड़ रुपये थी. इसके साथ ही टीम ने न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट को भी रिलीज कर दिया है.
CSK ने इन 11 प्लेयर्स को किया रिलीज
आईपीएल 2027 के ऑक्शन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने जिन 11 खिलाड़ियों को रिलीज किया है, उनमें एमएस धोनी (संन्यास), प्रशांत वीर, मैट हेनरी, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू शॉर्ट, जैक फॉल्क्स, आकाश मधवाल, कुलदीप यादव, अमन खान, डियान फोरेस्टर मैकनील नोरोन्हा के नाम शामिल हैं. इसके अलावा टीम ने ट्रेड विंडो के जरिए अपने दो तेज गेंदबाजों खलील अहमद नाथन एलिस को सनराइजर्स हैदराबाद को सौंप दिया है उनकी जगह हैदराबाद से लियम लिविंगस्टन तथा जैक एडवर्ड्स को अपने स्क्वाड में शामिल किया है.
ऑक्शन में 28.05 करोड़ रुपये के साथ उतरेगी सीएसके
इन बड़े खिलाड़ियों को रिलीज करने का सीधा फायदा चेन्नई सुपर किंग्स के ऑक्शन बजट को हुआ है. अब 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली आईपीएल 2027 की नीलामी में सीएसके 28.05 करोड़ रुपये की मोटी रकम के साथ उतरेगी. टीम के पास कुल 6 स्लॉट खाली हैं, जिनमें 2 विदेशी खिलाड़ियों की जगह शामिल है. ऐसे में चेन्नई की नजर नीलामी में कुछ नए मैच-विनर्स बेहतरीन गेंदबाजों को खरीदकर एक संतुलित टीम तैयार करने पर होगी.
चेन्नई सुपर किंग्स की रिटेन रिलीज लिस्ट
CSK की रिटेन लिस्ट – रुतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, शिवम दुबे, अकील होसेन, अंशुल कंबोज, आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, गुरजपनीत सिंह, जैक एडवर्ड्स (ट्रेड), जेमी ओवरटन, कार्तिक शर्मा, लियम लिविंगस्टन (ट्रेड), मुकेश चौधरी, नूर अहमद, राहुल चाहर, रामकृष्ण घोष, सरफराज खान, श्रेयस गोपाल, उर्विल पटेल.
CSK की रिलीज लिस्ट – एमएस धोनी (संन्यास), प्रशांत वीर, मैट हेनरी, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू शॉर्ट, जैक फॉल्क्स, आकाश मधवाल, कुलदीप यादव, अमन खान, डियान फोरेस्टर, मैकनील नोरोन्हा.