IPL 2027 से पहले राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने खिलाड़ियों को लेकर बड़ा फैसला किया है. दोनों टीमों के बीच तीन खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई है. भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और बाएं हाथ के स्पिनर एम सिद्धार्थ अब राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलेंगे.
वहीं इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी पहनेंगे. इस ट्रेड में सबसे ज्यादा चर्चा मोहम्मद शमी की फीस में हुई कटौती को लेकर है.
मोहम्मद शमी की फीस में कटौती
लखनऊ सुपर जायंट्स ने मोहम्मद शमी को 10 करोड़ रुपये की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था लेकिन अब ट्रेड के जरिए उन्हें राजस्थान रॉयल्स को सौंप दिया गया है. राजस्थान के साथ जुड़ने पर शमी की संशोधित फीस 8 करोड़ रुपये होगी. यानी उनकी फीस में सीधे 2 करोड़ रुपये की कमी हुई है. शमी के राजस्थान में आने से टीम का तेज गेंदबाजी विभाग मजबूत होने की उम्मीद है. वह नई गेंद से स्विंग कराने और शुरुआती ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं. उनके अनुभव का फायदा राजस्थान के युवा गेंदबाजों को भी मिल सकता है. शमी अब तक IPL के 132 मैचों में 145 विकेट हासिल कर चुके हैं.
एम सिद्धार्थ भी राजस्थान की टीम में शामिल
इस ट्रेड में सिर्फ शमी ही नहीं बल्कि बाएं हाथ के स्पिनर एम सिद्धार्थ भी लखनऊ से राजस्थान पहुंच गए हैं. सिद्धार्थ को उनकी मौजूदा 75 लाख रुपये की फीस पर ही ट्रेड किया गया है. उन्होंने IPL में अब तक 9 मुकाबले खेले हैं और 9 विकेट लिए हैं. उनकी सटीक गेंदबाजी राजस्थान के स्पिन विभाग को अतिरिक्त विकल्प देगी.
सैम करन को मिला लखनऊ का साथ
दूसरी तरफ इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन अब लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलेंगे. राजस्थान रॉयल्स से लखनऊ पहुंचे करन की फीस में कोई बदलाव नहीं हुआ है. वह 2.4 करोड़ रुपये में टीम का हिस्सा बने हैं. करन की सबसे बड़ी खासियत है कि वह बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकते हैं.