Mumbai Indians Captaincy: IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस की कप्तानी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी एक बार फिर से दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को कप्तानी सौंपने की तैयारी कर रही है.
IPL 2024 से पहले रोहित शर्मा को कप्तानी से हटा दिया गया था. उनकी जगह हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का कप्तान बनाया गया था. हालांकि हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई के लिए 3 सीजन काफी खराब रहे. इसके चलते फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर से रोहित शर्मा को कमान सौंपने का फैसला लिया है. रोहित शर्मा को 3 साल बाद फिर से मुंबई इंडियंस की कप्तानी दी जा सकती है. हालांकि, जब फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा से कप्तानी के लिए पूछा, तो उन्होंने मना कर दिया था.
क्या रोहित शर्मा फिर बनेंगे कप्तान?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड दौरे पर जाने से पहले मुंबई इंडियंस की टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा से कप्तानी को लेकर बातचीत की. बताया जा रहा है कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने पहले युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा का नाम कप्तानी सौंपने का सुझाव दिया है, जिससे भविष्य के लिए टीम तैयार की जा सके. हालांकि फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा को कप्तानी संभालने की गुजारिश की. फ्रेंचाइजी के अनुरोध पर रोहित शर्मा ने कप्तानी संभालने की बात मान ली.
बता दें कि रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस को 5 बार IPL ट्रॉफी जिताई है. उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में IPL का खिताब अपने नाम किया.
हार्दिक पांड्या का क्या होगा?
अब बड़ा सवाल यह है कि अगर रोहित शर्मा IPL 2027 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे, तो फिर हार्दिक पांड्या का क्या होगा? रिपोर्ट की मानें, तो अगर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) का ट्रेड नहीं होता है, तो इसका मतलब है कि वो रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलने के लिए राजी हो गए हैं. हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम IPL 2026 में 9वें स्थान पर रही थी. पिछले 3 सीजन से उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन खराब रहा है.
ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि हार्दिक पांड्या को IPL 2027 से पहले किसी दूसरी टीम के साथ ट्रेड किया जा सकता है. हालांकि अभी तक फ्रेंचाइजी को कोई अच्छा ट्रेड ऑफर नहीं मिला है. अगर फ्रेंचाइजी को कोई अच्छा ऑफर नहीं मिलता है, तो हार्दिक पांड्या टीम के साथ बने रहेंगे.
MI ने बदला पूरा कोचिंग स्टाफ
हाल ही में मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल किया है. फ्रेंचाइजी ने सभी पुराने कोचों की छुट्टी कर दी है. वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को मुंबई इंडियंस का हेड कोच बनाया गया है. वहीं, पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को बैटिंग कोच नियुक्त किया गया है. इसके अलावा मिचेल मैक्लेनाघन को बॉलिंग कोच, टी दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है.