IPL 2027: मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका, महेला जयवर्धने ने छोड़ा हेड कोच का पद

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) में बड़े बदलाव की शुरुआत हो गई है। टीम के हेड कोच महेला जयवर्धने ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी।

जयवर्धने के जाने के बाद मुंबई इंडियंस ने नए हेड कोच की तलाश भी शुरू कर दी है।

हार्दिक पांड्या को ट्रेड करने पर भी विचार

मुंबई इंडियंस में बदलाव सिर्फ कोचिंग स्टाफ तक सीमित रहने की संभावना नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, फ्रेंचाइजी IPL 2027 से पहले अपने कप्तान हार्दिक पांड्या को ट्रेड करने के विकल्प पर भी विचार कर रही है और इस संबंध में अन्य टीमों के प्रस्तावों के लिए तैयार है।

हालांकि, हार्दिक को ट्रेड किए जाने को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में आगामी सीजन से पहले टीम की कप्तानी और संयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार रहेगा।

 

 

कैसा रहा महेला जयवर्धने का कार्यकाल?

महेला जयवर्धने मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कोचों में शामिल रहे हैं। उनके नेतृत्व में टीम ने अपने पांच IPL खिताबों में से तीन जीते। हालांकि, उनके दूसरे कार्यकाल के दौरान टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा।

IPL 2024 में मुंबई इंडियंस अंक तालिका में सबसे आखिरी स्थान पर रही। इसके बाद 2025 में टीम ने क्वालिफायर-2 तक का सफर तय किया, लेकिन IPL 2026 में एक बार फिर उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम नौवें स्थान पर रही।लगातार उतार-चढ़ाव के बीच अब फ्रेंचाइजी नए कोच और संभावित टीम बदलावों के जरिए आगामी सीजन में वापसी करने की तैयारी में है।

महेला जयवर्धने ने क्या कहा?

पद छोड़ने के फैसले पर महेला जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस के साथ अपने लंबे जुड़ाव और अनुभव को याद किया। उन्होंने कहा, ‘मुंबई इंडियंस एक दशक से भी अधिक समय से मेरी यात्रा का बेहद खास हिस्सा रही है। खिलाड़ियों, कोचिंग टीम, #OneFamily के शानदार सहयोग और सबसे बढ़कर प्रशंसकों ने इस अनुभव को ऐसा बनाया है, जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।’

जयवर्धने ने आगे कहा, ‘हमने साथ मिलकर कुछ यादगार पल साझा किए, चुनौतियों का सामना किया और ऐसा कुछ बनाया, जिस पर हम सभी गर्व कर सकते हैं।’

फ्रेंचाइजी के मालिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं नीता अंबानी और आकाश अंबानी का वर्षों तक मुझ पर भरोसा जताने, समर्थन देने और दोस्ती निभाने के लिए दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं। हमने जो कुछ हासिल किया है, उस पर मुझे बेहद गर्व है और मुंबई इंडियंस हमेशा मेरे दिल में खास जगह रखेगी।’

ग्लोबल फ्रेंचाइजी में भी निभाई अहम भूमिका

मुंबई इंडियंस के साथ अपने जुड़ाव के दौरान जयवर्धने ने ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस की भूमिका भी निभाई। इस जिम्मेदारी में उन्होंने दुनियाभर की विभिन्न लीगों में फ्रेंचाइजी के विस्तार और कोचिंग टीमों के साथ काम करने में अहम योगदान दिया।

उनके कार्यकाल के दौरान मुंबई इंडियंस की महिला टीम, MI न्यूयॉर्क और MI एमिरेट्स ने भी अपने-अपने टूर्नामेंट में खिताब जीते। अब जयवर्धने के पद छोड़ने के बाद सभी की नजरें मुंबई इंडियंस के अगले कोच की नियुक्ति और IPL 2027 से पहले होने वाले संभावित बदलावों पर टिकी हैं।

Leave a Comment