नई दिल्ली: भारत के पूर्व स्पिनर अमित मिश्रा बुधवार को स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ गए। फ्रेंचाइजी ने उनकी नियुक्त का आधिकारिक तौर पर ऐलान किया। आईपीएल के अनुभवी खिलाड़ी मिश्रा खिलाड़ी के तौर पर 10 सत्र तक दिल्ली की फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे।
वह आईपीएल में लखनऊ सुपर जाइंट्स, डेक्कन चार्जर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भी खेल चुके हैं। मिश्रा ने भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। 43 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर दिल्ली कैपिटल्स के हाई-प्रोफाइल सहयोगी स्टाफ से जुड़ेंगे जिसमें मुख्य कोच सौरव गांगुली, सहायक कोच युवराज सिंह और तेज गेंदबाजी कोच चामिंडा वास शामिल हैं। ऐसे मे आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले दिल्ली ने कोचिंग स्टाफ की ओवरहॉलिंग कर दी है।
ऐसा रहा है अमित मिश्रा का आईपीएल करियर
अमित मिश्रा आईपीएल इतिहास के सबसे अनुभवी भारतीय स्पिनरों में से एक हैं। उन्होंने 162 आईपीएल मैचों में 174 विकेट अपने 23.82 के औसत और 7.37 की इकोनॉमी से अपने नाम किए। वो लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों में 10वें पायदान पर हैं। मिश्रा के नाम आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा तीन बार हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने साल 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए, 2011 में डेक्कन चार्जर्स औक 2013 में सराइजर्स हैदराबाद के लिए हैट्रिक चटकाई थी।
2008 में किया था डेब्यू, 2024 में आखिरी बार आए खेलते नजर
मिश्रा ने साल 2008 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए आईपीएल डेब्यू किया था। दो बार वो टीम के सदस्य रहे और 10 सीजन इस टीम के साथ साथ बिताए। इसके अलावा उन्होंने टूर्नामेंट में अन्य टीमों का भी प्रतिनिधित्व किया है। बतौर स्पिन बॉलिंग कोच अब उनकी दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हुई है। 2024 में वो आखिरी बार लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते नजर आए थे। उसके बाद उन्होंने संन्यास का ऐलान कर दिया और कमेंट्री में हाथ आजमाए।