दिल्ली कैपिटल्स में लौटते ही ऋषभ पंत के रोल को लेकर बड़ा फैसला सामने आ गया है. IPL 2027 में पंत को टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए देखने की उम्मीद कर रहे फैंस को झटका लग सकता है.
टीम के नए हेड कोच सौरव गांगुली ने साफ कर दिया है कि पंत को मिडिल ऑर्डर में खिलाने की योजना है. यानी दिल्ली में वापसी के बाद भी पंत को अपनी पसंद के टॉप ऑर्डर रोल का इंतजार करना पड़ सकता है.
सौरव गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स के एक वीडियो में पंत की बल्लेबाजी को लेकर अपनी योजना बताई. उन्होंने कहा कि टीम को मिडिल ऑर्डर में एक बल्लेबाज की जरूरत थी और पंत इस भूमिका के लिए बिल्कुल फिट हैं. गांगुली को उम्मीद है कि दिल्ली में वापसी के बाद पंत को समय और मैच मिलेंगे, जिससे वो अपने खेल को और बेहतर कर सकें.
नंबर-4 या नंबर-5 पर आ सकते हैं पंत
पंत को दिल्ली की टीम में नंबर-4 या नंबर-5 पर बल्लेबाजी के लिए उतारा जा सकता है. इन दोनों नंबरों पर वो पहले भी टीम के लिए खेल चुके हैं. दिल्ली के पास केएल राहुल के रूप में एक पहले से ओपनर मौजूद हैं, इसलिए पंत को टॉप ऑर्डर में भेजने के बजाय मिडिल ऑर्डर में इस्तेमाल करने की संभावना ज्यादा है.
LSG में टॉप ऑर्डर का रोल नहीं मिला
दिल्ली छोड़ने के बाद पंत लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान बने थे. वहां वो टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करना चाहते थे, लेकिन उन्हें ये भूमिका नहीं मिली. इसके बाद LSG के लिए उनका प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. 2 सीजन की 26 पारियों में 581 रन बनाए.
दिल्ली में फिर से दिखेगा पुराना पंत
पंत दिल्ली कैपिटल्स के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने टीम के लिए 111 मैचों में 3,284 रन बनाए हैं. अब टीम में वापसी के बाद गांगुली को उम्मीद है कि मिडिल ऑर्डर में अपनी पुरानी भूमिका मिलने से पंत फिर से अपना बेहतरीन खेल देखा पाएंगे. पंत और कुलदीप यादव के बीच ट्रेड के बाद उनकी दिल्ली कैपिटल में वापसी हुई है.
दिल्ली में वापसी पंत के लिए खुद को फिर से साबित करने का बड़ा मौका होगा. टीम ने उन्हें 15 करोड़ रुपये की संशोधित फीस पर वापस लिया है. अब IPL 2027 में उनकी नजरें मिडिल ऑर्डर में दमदार प्रदर्शन करने पर होंगी.