IPL 2027, Punjab Kings: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के सीजन से पहले पंजाब किंग्स एक के बाद एक बड़े फैसले ले रही है. स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को अपनी टीम के साथ जोड़ने के बाद पंजाब ने एक और दिग्गज को बड़ी जिम्मेदारी दी है.
अपने कोचिंग स्टाफ को मजबूती देते हुए फ्रेंचाइजी ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे को अपना नया बॉलिंग कोच नियुक्त किया है. पिछले महीने पूर्व बॉलिंग कोच जेम्स होप्स और फील्डिंग कोच ब्रैड हैडिन से अलग होने के बाद पंजाब किंग्स को एक अनुभवी दिग्गज की तलाश थी, जो अब पारस म्हाम्ब्रे के रूप में पूरी हो गई है.
पारस म्हाम्ब्रे पर खेला बड़ा दांव
पारस म्हाम्ब्रे पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ मिलकर काम करेंगे. खास बात यह है कि दोनों दिग्गजों की यह जोड़ी पहले भी आईपीएल में साथ काम कर चुकी है, जब म्हाम्ब्रे मुंबई इंडियंस में रिकी पोंटिंग के कोचिंग सेटअप का हिस्सा थे. पारस म्हाम्ब्रे अपने साथ इंटरनेशनल और फ्रेंचाइजी क्रिकेट का अनुभव लेकर आ रहे हैं. म्हाम्ब्रे साल 2021 से 2024 के बीच राहुल द्रविड़ की कोचिंग के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच रहे. उनके कार्यकाल में भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत भारत घरेलू सरजमीं पर खेले गए 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा और फिर वेस्टइंडीज में आयोजित 2024 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया.
फ्रेंचाइजी स्तर पर भी म्हाम्ब्रे के पास गहरा अनुभव है. वो मुंबई इंडियंस के साथ दो अलग-अलग कार्यकालों में जुड़े रहे हैं. भारतीय टीम के साथ अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद वो दोबारा मुंबई के खेमे में लौटे थे, लेकिन पिछले महीने कोचिंग स्टाफ में हुए पुनर्गठन के बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी से अलग होने का फैसला किया था.
19 साल से पहले खिताब की तलाश में पंजाब किंग्स
पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल इतिहास में दो बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद आज तक ट्रॉफी नहीं जीत पाई है. टीम को पहली बार 2014 के फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स से हार मिली थी, वहीं दूसरी बार 2025 के खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उसका सपना तोड़ा था. पिछले सीजन भी पंजाब ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए अपने पहले सात मैचों में से छह में जीत दर्ज की थी और एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हुआ था. हालांकि, टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में टीम सात मुकाबलों में सिर्फ एक जीत ही हासिल कर सकी, जिसके चलते उसे प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होना पड़ा था.