लखनऊ सुपर जायंट्स IPL 2027 सीजन के लिए निकोलस पूरन को अपना अगला कप्तान बनाने पर विचार कर सकती है. ऋषभ पंत के ट्रेड डील के जरिए दिल्ली कैपिटल्स में चले जाने के बाद, फ्रेंचाइजी को एक कप्तान की तलाश में है.
इन अटकलों को और हवा तब मिली, जब स्पिनर दिगवेश राठी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान फैंस के साथ बातचीत में पूरन के कप्तान बनने की ओर इशारा किया. जब उनसे LSG के अगले कप्तान के बारे में पूछा गया, तो राठी ने वेस्टइंडीज के इस बल्लेबाज़ का नाम लिया, जिससे फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई है.
हालांकि लखनऊ ने अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन राठी के बयानों ने नेतृत्व की भूमिका को लेकर अटकलों को और तेज कर दिया है.
पूरन 2023 से इस फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए हैं और IPL 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था. वेस्टइंडीज का यह विकेटकीपर-बल्लेबाज आईपीएल इतिहास में लखनऊ की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज भी है. इससे पहले वे वेस्टइंडीज की टी20टीम की कप्तानी कर चुके हैं और MI न्यूयॉर्क तथा MI एमिरेट्स जैसी फ्रेंचाइजी टीमों की कमान भी संभाल चुके हैं.
हालांकि, इस दौड़ में पूरन अकेले उम्मीदवार नहीं हैं. मिचेल मार्श और एडेन मार्करम भी प्रमुख विकल्पों में शामिल हैं. इन दोनों खिलाड़ियों के पास ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के लिए अंतरराष्ट्रीय कप्तानी करने का अनुभव है.
राजस्थान रॉयल्स से लखनऊ में आने के बाद सैम करन भी एक दावेदार के रूप में उभर सकते हैं. इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर ने पहले IPL में पंजाब किंग्स की कप्तानी की है और 2026 में डेजर्ट वाइपर्स को ILT20 का खिताब जिताया था. पंत के जाने से कप्तान का पद खाली है और लखनऊ की टीम में कई अनुभवी लीडर मौजूद हैं. 2027 के सीजन की तैयारियों के बीच, फ्रेंचाइजी के अंतिम फैसले पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी.