IPL 2026: आईपीएल के पिछले सीजन में कई रिकॉर्डतोड़ स्कोर देखने को मिले थे. पूरा सीजन बल्लेबाजों के नाम रहा था. खासकर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने तूफानी खेल दिखाया था. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने IPL 2026 के लिए भी एक धमाकेदार बल्लेबाजी क्रम तैयार किया है, जो किसी भी विरोधी टीम के लिए चुनौती साबित हो सकता है. लेकिन टीम में एक ऐसी कमजोरी भी है जो बड़ा स्कोर बनाने के बाद भी मैच हरा सकती है.
SRH के पास हर मैच में 250 रन बनाने का दम
सनराइजर्स हैदराबाद में ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिख क्लासेन जैसे विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं, जिनके साथ अब लियाम लिविंगस्टन भी जुड़ गए हैं. यह बैटिंग लाइन-अप इतना मजबूत है कि टीम 20 ओवर में 250 रन आसानी से पार कर सकती है, जैसा कि पिछले सीजनों में देखा गया है. लेकिन मैच जीतना सिर्फ बड़े स्कोर पर निर्भर नहीं करता. SRH के लिए असली चुनौती उनकी लिंग यूनिटमें है. कप्तान पैट कमिंस टीम के सबसे बड़े हथियार हैं. लेकिन बैक इंजरी के कारण वह शुरुआती कुछ मैचों में उपलब्ध नहीं होंगे. SRH ने इसकी पुष्टि की है और कमिंस की वापसी का कोई समय तय नहीं है. उनकी गैरमौजूदगी में टीम की गेंदबाजी काफी कमजोर पड़ गई है, क्योंकि कोई भी ऐसा गेंदबाज नहीं है जो उनकी जगह पूरी तरह भर सके.
पैट कमिंस के बिना फंसी टीम
पैट कमिंस के बिना टीम को ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट जैसे गेंदबाजों पर निर्भर रहना होगा. इनमें अनुभव तो है, लेकिन लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की कमी रही है. साथ ही, ये खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट में भी ज्यादा सक्रिय नहीं रहे हैं. स्पिन विभाग में भी कोई बड़ा नाम नहीं है, जो पिछले सीजनों की तरह टीम की कमजोरी बनी हुई है. आंकड़ों से भी यही बात साफ होती है कि 2022 से अब तक SRH ने 19 बार 200 से ज्यादा रन खर्च किए हैं, जो उनकी गेंदबाजी की कमजोरी साफ दिखाता है. कमिंस के बिना यह समस्या और गंभीर हो गई है. शुरुआती मैचों में ईशान किशन को कप्तानी सौंपी गई है. ऐसे में टीम को उम्मीद करनी होगी कि बल्लेबाजी की ताकत से वह शुरुआती हार से बच सकें और कमिंस की वापसी तक मजबूत बने रहें.
आईपीएल 2026 के लिए SRH की टीम
पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनरिख क्लासन, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, रविचंद्रन स्मरण, कामिंडु मेंडिस, हर्ष दुबे, ब्रायडन कार्स, ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार, सलिल अरोड़ा, प्रफुल्ल हिंजे, क्रेंस फुलेतरा, अमित कुमार, ओंकार तरमाले, साकिब हुसैन, शिवम मावी, जैक एडवर्ड्स, लियम लिविंगस्टन और अनिकेत वर्मा.