IPL 2026 से पहले बड़े बवाल में फंसा KKR का खिलाड़ी, पत्रकार से भिड़ा, बोर्ड तक पहुंची बात

IPL 2026, Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. सभी टीमों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है. लेकिन इन सब के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स का एक स्टार खिलाड़ी बड़े बवाल में फंस गया है. दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन, जिन्हें आईपीएल 2026 के ऑक्शन में KKR ने 25.20 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि में खरीदा था, हाल ही में एक विवादित घटना के चलते सुर्खियों में आ गए हैं.

बड़े बवाल में फंसे कैमरन ग्रीन

कैमरन ग्रीन इस समय ऑस्ट्रेलिया में ही हैं. शेफील्ड शील्ड मैच के बाद एक पोस्ट-मैच इंटरव्यू के दौरान ग्रीन ने एक ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार के साथ बहस की है, जिसके चलते वह चर्चाओं में आ रहे हैं. घटना सिडनी में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया और न्यू साउथ वेल्स के बीच शेफील्ड शील्ड मैच के बाद हुई. ग्रीन ने इस मैच में 135 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जो अगस्त के बाद किसी भी फॉर्मेट में उनका पहला शतक था. मैच के बाद मीडिया को प्लेयर ऑफ द मैच से बातचीत के लिए बुलाया गया. ग्रीन शुरू में उपलब्ध नहीं थे, लेकिन बाद में उन्होंने मैच से जुड़े सवालों तक सीमित एक छोटा इंटरव्यू देने पर सहमति जताई.

इस दौरान उन्होंने अपनी फॉर्म में वापसी पर जवाब दिया और कहा कि यह अच्छा महसूस हो रहा है, साथ ही टीम की जीत की उम्मीद जताई. लेकिन जब पत्रकार ने उनके हाल के बल्लेबाजी संघर्षों के बारे में सवाल किया, तो ग्रीन ने जवाब देने से इनकार कर दिया. इंटरव्यू महज एक मिनट से भी कम चला. ग्रीन ने ‘टाइम वेस्ट’ कहकर वापस जाने की कोशिश की. तभी पत्रकार ने कहा कि वे पूरे दिन इंतजार कर रहे थे, जिस पर ग्रीन ने तीखा जवाब दिया, ‘तुम मुझे क्यों टारगेट कर रहे हो?’

असिस्टेंट कोच को देना पड़ा दखल

इस बहस के दौरान वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के असिस्टेंट कोच ब्यू कैसन ने बीच में दखल दिया और पत्रकार से माफी मांगी. ग्रीन के जाने के बाद स्थिति शांत हुई. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को भी इस घटना की जानकारी दी गई है. ऐसे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया कैमरन ग्रीन के खिलाफ एक्शन भी ले सकता है.