स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। BCCI ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले 16 दिन और 20 मैच का शेड्यूल जारी किया था। आने वाले समय में कुछ राज्यों में होने वाले चुनाव और मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते हवाई यात्रा प्रभावित होने से बचे हुए मुकाबलों का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा।
अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सभी 10 फ्रेंचाइजी को सख्त निर्देश दिए हैं।
सभी फ्रेंचाइजी को करना होगा पालन
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सभी 10 फ्रेंचाइजी को सख्त निर्देश दिए हैं कि आईपीएल की कोई भी टीम उस पिच पर अभ्यास नहीं कर सकती जिसका इस्तेमाल प्रतिद्वंद्वी टीम ने अपने नेट सेशन के दौरान किया हो। दिशानिर्देशों में कहा गया है कि अगर टीमें एक के बाद एक अभ्यास कर रही हैं, तो उन्हें नई पिचें आवंटित की जानी चाहिए।
नए नेट उपलब्ध कराए जाने चाहिए
रिपोर्ट के अनुसार, ‘प्रत्येक टीम को उनके निर्धारित अभ्यास सत्र के लिए नए नेट उपलब्ध कराए जाने चाहिए। एक साथ अभ्यास सत्र होने की स्थिति में या जब एक टीम दूसरी टीम के बाद अभ्यास करती है, तो पहली टीम को दूसरी टीम के नेट का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी (थ्रो-डाउन के लिए भी नहीं)। यदि एक टीम अभ्यास जल्दी समाप्त कर लेती है, तो दूसरी टीम को उनकी रेंज-हिटिंग विकेट का उपयोग करने की अनुमति नहीं है।’
अंडर लाइट प्रैक्टिस करनी है
बीसीसीआई के निर्देश में कहा गया है, “यदि कोई टीम अंडर लाइट प्रैक्टिस मैच खेलना चाहती है, तो मैच की अवधि साढ़े तीन घंटे से अधिक नहीं होनी चाहिए।” टीमें अधिकतम दो अभ्यास मैच खेल सकती हैं, लेकिन उन्हें पहले बीसीसीआई को सूचित करना होगा। ये मैच उस पिच पर नहीं खेले जा सकते जिसका उपयोग मुख्य मैच के लिए किया जाएगा।
ऑप्शनल अभ्यास मैच मिल सकता
BCCI ने कहा, “सीजन के लिए पिच तैयार करने के लिए संबंधित फ्रेंचाइजी के सीजन के पहले घरेलू मैच से चार दिन पहले तक मुख्य मैदान पर कोई अभ्यास सत्र या अभ्यास मैच नहीं खेला जा सकता है। इस अवधि के दौरान यदि घरेलू फ्रेंचाइजी अनुरोध करती है तो राज्य संघ को फ्रेंचाइजी को बिना किसी फीस के एक ऑप्शनल अभ्यास मैदान उपलब्ध कराना चाहिए।”
दोनों टीमों को मिलेंगे 2 नेट
दोनों टीमों को अभ्यास के लिए दो नेट और मुख्य मैदान पर रेंज हिटिंग के लिए एक नेट आवंटित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर विवाद की स्थिति में बीसीसीआई ने कहा कि वह मेहमान टीम को प्राथमिकता देगा। रिपोर्ट के मुताबिक, “मेजबान टीम को पसंदीदा सत्र चुनने का पहला अधिकार होना चाहिए, फिर भी मेहमान टीम के अनुरोध पर विचार किया जाएगा, विशेषकर यदि उसने पिछले दिन कोई मैच खेला हो और मेहमान टीम की यात्रा व्यवस्था को ध्यान में रखा जाए।”