IPL 2026: ‘ये विराट-रोहित जैसा है’… संजू सैमसन के सवाल पर रियान पराग ने ऐसा क्यों कहा?

आईपीएल 2026 सीजन के साथ ही एक नए कप्तान के कार्यकाल का भी आगाज होगा. राजस्थान रॉयल्स 30 मार्च को अपने पहले मैच के लिए जब मैदान पर उतरेगी, तो रियान पराग की कप्तानी की सही मायनों में शुरुआत होगी. वैसे तो पिछले सीजन में भी वो कुछ मुकाबलों में टीम की कप्तानी कर चुके थे लेकिन इस बार वो पूरी तरह से टीम के लिए जिम्मेदार होंगे और उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती है पूर्व कप्तान संजू सैमसन को रिप्लेस करना, जो इस टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं. मगर रियान भी जानते हैं कि संजू को रिप्लेस करना आसान नहीं है और उन्होंने इसकी तुलना विराट कोहली और रोहित शर्मा से कर दी.

पिछले सीजन तक राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे संजू सैमसन ने नए सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स का दामन थाम लिया. पिछले सीजन के बाद ही उनके फ्रेंचाइजी से अलग होने की खबरें आने लगी थीं. आखिरकार राजस्थान और चेन्नई ने संजू और रवींद्र जडेजा को एक-दूसरे के साथ ट्रे़ड कर दिया. राजस्थान ने कप्तान के रूप में तो संजू को रियान से रिप्लेस कर दिया लेकिन क्या बल्लेबाज के तौर पर उन्हें एक काबिल रिप्लेसमेंट मिल पाया है, क्या टीम ऐसा कर पाएगी?

रियान ने क्यों लिया विराट-रोहित का नाम?

कुछ इसी तरह का सवाल रियान पराग से हुआ, जब वो नया सीजन शुरू होने से पहले बतौर कप्तान पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आए. गुरुवार 19 मार्च को हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजू को रिप्लेस करने के सवाल पर कप्तान पराग ने कहा, “संजू भाई की बात करें तो हम ऐसे नहीं सोचते कि उस प्लेयर को रिप्लेस करें. हम ऐसा कर सकते हैं कि उस स्किल के प्लेयर को ढूंढ़ें या उस नंबर पर बैटिंग कराएं. जैसे विराट कोहली और रोहित शर्मा का रिप्लेसमेंट नहीं है, वैसा ही संजू भाई के साथ है. उनका भी रिप्लेसमेंट नहीं हैं, वो इतने अच्छे प्लेयर हैं.”

राजस्थान के सबसे सफल बल्लेबाज संजू

संजू सैमसन राजस्थान के सबसे सफल कप्तान और बल्लेबाजों में से एक रहे. उन्होंने राजस्थान के लिए 11 सीजन खेले और इसमें करीब 150 मुकाबलों में 4000 से ज्यादा रन बनाए. वो राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे. उनकी कप्तानी में ही राजस्थान रॉयल्स ने 14 साल बाद आईपीएल 2022 के फाइनल तक का सफर तय किया था, जहां टीम खिताब से चूक गई थी. अब रियान पराग के सामने न सिर्फ इसे दोहराने की चुनौती है, बल्कि प्रदर्शन को इससे बेहतर करने का भी लक्ष्य है.