IPL 2026 में पहली जीत के साथ SRH की लंबी छलांग, पॉइंट्स टेबल में KKR का बुरा हाल

IPL 2026 Points Table: आईपीएल 2026 का छठा मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमों के बीच खेला गया. इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का दबदबा देखने को मिला और उसने केकेआर को 65 रनों से हराकर सीजन की पहली जीत हासिल की. इससे पहले उसे अपने शुरुआती मैच में हार का सामना करना पड़ा था. इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने पॉइंट्स टेबल में भी अपना खाता खोल लिया.

पॉइंट्स टेबल में खुला SRH का खाता

कोलकाता नाइट राइडर्स को हराने के बाद SRH की टीम 9वें स्थान से सीधे 6वें स्थान पर पहुंच गई है. हैदराबाद ने अब तक 2 मैच खेले हैं, जिसमें 1 जीत और 1 हार के साथ 2 पॉइंट्स हासिल किए हैं. उनका नेट रन रेट भी +0.469 पर पहुंच गया है, जो उनके लिए अच्छी खबर है. इससे पहले उसे आरसीबी के खिलाफ खेले गए मैच में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था.

दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा. घरेलू मैदान पर मिली इस हार के बाद KKR की टीम 7वें स्थान से फिसलकर 9वें स्थान पर पहुंच गई है. केकेआर ने 2 मैच खेले हैं, दोनों में हार मिली है और उनके खाते में अभी कोई पॉइंट नहीं है. उनका नेट रन रेट भी काफी खराब (-1.964) चल रहा है, जो आगे टीम पर भारी पड़ सकता है. भले ही आईपीएल 2026 अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन हर मैच काफी अहम है. ऐसे में KKR को अपनी कमियों पर जल्द ही काम करना होगा.

टॉप-5 में कौन सी टीमें?

राजस्थान रॉयल्स फिलहाल सबसे आगे हैं. वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दूसरे स्थान पर है. राजस्थान रॉयल्स का नेट रन रेट 4.171 है, जो बाकी टीमों के मुकाबले काफी ज्यादा है. वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का नेट रन रेट 2.907 का है. इनके अलावा, दिल्ली कैपिटल्स तीसरे, मुंबई इंडियंस चौथे और पंजाब किंग्स 5वें स्थान पर है. इन सभी टीमों के 2-2 पॉइंट्स हैं, लेकिन नेट रन रेट का फर्क है.