IPL 2026: मिचेल मार्श ने शतक लगाने के लिए पंत को कराया रन आउट, फिर बना शर्मनाक रिकॉर्ड

Mitchell Marsh: मिचेल मार्श ने आईपीएल 2026 में कमाल प्रदर्शन किया है, फिलहाल उनका ऑरेंज कैप पर कब्जा भी है. हालांकि ये खिलाड़ी राजस्थान के खिलाफ शतक से चूक गया. मिचेल मार्श ने राजस्थान के खिलाफ 96 रनों की पारी खेली और सबसे बड़ी बात ये है कि ये खिलाड़ी रन आउट हुआ. हालांकि मिचेल मार्श ने आखिरी ओवर में शतक पूरा करने के लिए जो किया वो सच में बेहद अजीबोगरीब था. बता दें मार्श ने आखिरी ओवर में पंत को रन आउट कर दिया, वो तीन बॉल डॉट खेल गए और फिर खुद भी रन आउट हो गए. आइए आपको बताते हैं कि हुआ क्या?

मिचेल मार्श शतक से चूके

मिचेल मार्श 20वें ओवर से पहले 91 रनों पर खेल रहे थे, आखिरी ओवर जोफ्रा आर्चर फेंकने आए. उनकी पहली गेंद मार्श से छूट गई और गेंद विकेटकीपर जुरेल के हाथों में गई. इस बीच पंत ने रन चुराने का मन बनाया लेकिन मार्श अपनी क्रीज से हटे ही नहीं और लखनऊ के कप्तान रन आउट हो गए. इसके बाद मार्श ने आर्चर की अगली दो गेंद भी डॉट कर दी. इसके बाद चौथी गेंद पर मार्श ने चौका लगाया लेकिन पांचवीं गेंद पर वो दो रन लेने के फेर में रन आउट हो गए. जायसवाल के बेहतरीन थ्रो ने उनकी पारी का अंत कर दिया.

मार्श के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

मिचेल मार्श ने इस सीजन भले ही कमाल प्रदर्शन किया हे लेकिन इस खिलाड़ी के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है जो कोई खिलाड़ी अपने नाम के सामने नहीं चाहेगा. मिचेल मार्श आईपीएल इतिहास के पहले खिलाड़ी हैं जो एक सीजन में दो बार नर्वस नाइंटीज में रन आउट हुए हैं. मार्श दुनिया के इकलौते खिलाड़ी भी हैं जो टी20 क्रिकेट में लगातार दो पारियों नर्वस नाइंटीज में रन आउट हुए हैं. मिचेल मार्श पिछले मैच में चेन्नई के खिलाफ 90 पर रन आउट हुए थे. आईपीएल में विराट कोहली 99 पर रन आउट हो चुके हैं. मनविंदर बिसला 92 पर रन आउट हो चुके हैं. क्रिस गेल 96 पर रन आउट हो चुके हैं.

मिचेल मार्श के सिर पर सजी ऑरेंज कैप

मिचेल मार्श ने इस सीजन सबसे ज्यादा 563 रन बना लिए हैं. उन्होंने हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन को पीछे किया है, जिनके नाम 555 रन है. मिचेल मार्श ने इस सीजन 3 अर्धशतक और एक शतक लगा दिया है. बता दें मार्श ने लगातार दूसरी बार एक आईपीएल सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं. मार्श ये कमाल करने वाले लखनऊ सुपरजायंट्स के पहले खिलाड़ी हैं. मार्श ने पिछले आईपीएल सीजन में 627 रन बनाए थे. अब देखना ये है कि मार्श इस आंकड़े को पछाड़ पाएंगे. अभी लखनऊ का एक मैच और बाकी है.