Sarfaraz Khan vs Punjab Kings: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पहले होम मैच में एमए चिदंबरम स्टेडियम पर पंजाब किंग्स के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में 209 रन का विशाल स्कोर बना दिया. इस मैच में युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने सबसे ज्यादा 73 रन बनाए और टीम को मजबूत शुरुआत दी. लेकिन बड़े स्कोर तक पहुंचाने में सरफराज खान का योगदान भी काफी अहम रहा.
सरफराज खान ने खेली विस्फोटक पारी
सरफराज खान ने इस मुकाबले में छोटी लेकिन विस्फोटक पारी खेलकर टीम को 200 रनों के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. सरफराज ने सिर्फ 12 गेंदों का सामना करते हुए 32 रन ठोके. उनका स्ट्राइक रेट 266.66 का रहा, जिसमें उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया. उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी ने चेन्नई की पारी को बीच के ओवरों में तेज गति दी और टीम को 200 रनों के पार पहुंचा दिया.
पिता के सामने छोटे भाई की टीम को पीटा
खास बात यह रही कि सरफराज खान ने यह पारी अपने पिता के सामने खेली, जो मैच देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे. पिता की मौजूदगी में सरफराज का प्रदर्शन और भी यादगार हो गया. इस मैच में एक और दिलचस्प पहलू यह था कि सरफराज खान ने अपने छोटे भाई की टीम को ही आड़े हाथों लिया. सरफराज के छोटे भाई मुशीर खान पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा हैं, हालांकि इस मैच में वह प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं थे. भाई की टीम के खिलाफ खेलते हुए सरफराज ने कोई नरमी नहीं बरती और पूरे आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की.
शिवम दुबे ने भी दिखाया दम
इस पारी में आयुष और सरफराज के अलावा शिवम दुबे ने भी अपनी छाप छोड़ी. शिवम दुबे 27 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान शिवम दुबे ने भी 5 चौके और 1 छक्के लगाया. वहीं, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने भी 22 गेंदों पर 28 रनों का योगदान दिया.