IPL 2026: पहने ऐसे कपड़े तो लगेगा जुर्माना, BCCI का बड़ा फैसला

IPL Rules: IPL 2026 से पहले बीसीसीआई ने कई नए नियम बनाए हैं जो सच में हैरान करने वाले हैं. बीसीसीआई ने खिलाड़ियों की प्रैक्टिस, ट्रेनिंग, पिच, खिलाड़ियों के दोस्तों और परिवार से जुड़े कुछ रूल्स बनाए हैं लेकिन इससे ज्यादा हैरान करने वाली बात ये है कि बीसीसीआई ने खिलाड़ियों के लिए भी एक रूल बनाया है और ये उनके कपड़ों को लेकर है. बीसीसीआई के इस नियम के बाद अब धोनी और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी भी अपनी मर्जी के मुताबिक इस तरह के कपड़े नहीं पहन पाएंगे.

कपड़ों को लेकर बीसीसीआई का नियम

बीसीसीआई ने नियम बनाया है कि आईपीएल 2026 में मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ी स्लीवलेस टीशर्ट नहीं पहन पाएंगे. आमतौर पर खिलाड़ी मैच खत्म होने के बाद कपड़े बदलकर स्लीवलेस टीशर्ट पहनते हैं जिससे उनके शरीर का पसीना सूख जाए. यही नहीं वो लोअर की जगह शॉर्ट्स और पैरों में चप्पल पहनते हैं, लेकिन अब खिलाड़ी ऐसा नहीं कर पाएंगे. अगर खिलाड़ियों ने ऐसा किया तो बीसीसीआई उनको चेतावनी देगी और अगर फिर यही गलती दोबारा की गई तो उनकी मैच फीस काटी जाएगी.

बीसीसीआई ने ये नियम भी जारी किए

बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के लिए कई और नियम जारी किए हैं. बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक अब कोई टीम मैच वाले दिन प्रैक्टिस नहीं कर पाएगी. खिलाड़ी सिर्फ वॉर्मअप ही कर सकेंगे. किसी आईपीएल टीम को दो से ज्यादा प्रैक्टिस मैच की इजाजत नहीं होगी. कोई टीम दूसरी टीम के साथ प्रैक्टिस नेट्स शेयर नहीं कर पाएंगे. कोई होम टीम मैच से 4 दिन पहले उस पिच पर ट्रेनिंग नहीं कर पाएगी जिसपर मैच होना है. हर टीम के लिए प्रैक्टिस की नई पिच बनेगी. इसके साथ-साथ खिलाड़ी अपने परिवार और दोस्तों के साथ ट्रैवल नहीं कर पाएंगे. खिलाड़ियों के LED बोर्ड के पास बैठने पर भी बैन लग गया है.