IPL 2026: चले थे राइफल थामने, बन गए क्रिकेटर, मां के गहने बेचकर जूते खरीदने वाले ने रचा इतिहास

Sakib Hussain Story: बिहार में का बा? जवाब है- क्रिकेट बा और खिलाड़ी बा. वो खिलाड़ी जो IPL में उतरते ही छा हैं. मौका मिलते ही मिसाल पेश कर रहे हैं. भरोसे पर खरा उतर रहे हैं. ऐसा करते हुए वो अपनी जिंदगी के साथ-साथ बिहार क्रिकेट की इमेज बदल रहे हैं. अब तक ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी का नाम तो चर्चा में था ही. लेकिन, अब उस लिस्ट में तेज गेंदबाज साकिब हुसैन का भी नाम जोड़ लीजिए. साकिब हुसैन यानी गोपालगंज एक्सप्रेस, जिन्हें IPL 2026 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा और अब उन पर लगाए 30 लाख रुपये के दांव का असर भी दिखा है. उन्होंने IPL में इतिहास रचा है. अपने डेब्यू पर भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी की है.

साकिब हुसैन ने की भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी

13 अप्रैल को हैदराबाद में खेले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के विजय रथ पर ब्रेक लगाया. लगातार 4 मैच जीतने वाली राजस्थान को उन्होंने पहली हार का स्वाद चखाया. सनराइजर्स की उस कामयाबी की कहानी में एक महत्वपूर्ण किरदार साकिब हुसैन भी रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए और IPL डेब्यू पर बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेन्स के मामले में भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी की. साकिब से पहले पिछले सीजन मुंबई इंडियंस के अश्विनी कुमार ने भी KKR के खिलाफ डेब्यू करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए थे.

चले थे राइफल थामने, बन गए क्रिकेटर

21 साल के साकिब हुसैन के क्रिकेटर बनने की कहानी संघर्षों से भरी रही है. उनका कभी देश के लिए राइफल थामने का था. वो इंडियन आर्मी जॉइन करना चाहते थे. लेकिन, किस्मत में तो क्रिकेटर बनना ही लिखा, फिर चाहे जितनी अड़चनें आए.

मां ने गहने बेचकर दिलाए थे जूते

बिहार के गोपालगंज में 14 दिसंबर, 2004 को जन्में साकिब हुसैन के पिता किसान थे. वो पिता खेती-बाड़ी करते थे. मगर घुटने में दर्द के चलते उन्हें खेती छोड़नी पड़ी, जिससे घर की आर्थिक स्थिति खराब हो गई. घर में खाने के लाले पड़ गए. ऐसे में साकिब वो जूते कहां से खरीद पाते, जिसे पहनकर वो अपनी गेंदबाजी में जान फूंकते. ऐसे में मां ने अपने अपने गहने बेच दिए. उन्होंने गहने बेचकर साकिब को जूते दिलाए, ताकि वो क्रिकेट खेल सके.

साकिब की गेंदबाजी में खास क्या?

साकिब की गेंदबाजी की पहचान उनकी रफ्तार है. स्पीड के साथ-साथ उनकी स्लोअर गेंद भी बहुत ज्यादा खतरनाक है. साकिब हुसैन की स्लोअर गेंदों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. अपने IPL डेब्यू पर भी उन्होंने डोनोवन फरेरा को स्लोअर बॉल में ही फंसाया. साकिब के T20 करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक खेले 13 मैचों में 14 विकेट लिए हैं. उनका बेस्ट प्रदर्शन 20 रन देकर 4 विकेट लेने का है, जो कि उन्होंने बिहार के लिए खेले अपने दूसरे मैच में लिया था.