IPL 2026: कौन हैं बृजेश शर्मा? पिता ने मजदूरी कर बनाया क्रिकेटर, डेब्यू मैच में ही CSK को पानी पिलाया

दुनिया की सबसे पॉपुलर और सबसे कड़ी टी20 लीग आईपीएल में हर साल कुछ नए खिलाड़ी अपनी पहचान बनाते हैं. इसमें से ज्यादातर खिलाड़ी वो रहे हैं, जो छोटे-छोटे शहरों से निकल कर आए हैं और मुश्किल हालातों का सामना करते हुए इस मुकाम तक पहुंचते हैं. आईपीएल 2026 सीजन के तीसरे मैच में ऐसे ही एक नए खिलाड़ी ने खुद को साबित किया, जो बड़ी मुश्किलों का सामना करते हुए यहां तक पहुंचा. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू करते हुए तेज गेंदबाज बृजेश शर्मा ने अपना दम दिखाया और पहला विकेट भी हासिल किया.

गुवाहाटी में खेले गए इस मुकाबले के साथ ही 27 साल के तेज गेंदबाज बृजेश ने अपना IPL डेब्यू किया. उन्हें दिसंबर में हुई नीलामी में ही राजस्थान ने 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था. ये पहला ही मौका था जब बृजेश को आईपीएल की किसी टीम ने खरीदा है और पहले ही मैच में उन्हें डेब्यू करने का मौका भी मिल गया. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने 3 ओवर में सिर्फ 17 रन खर्चे और 14.20 करोड़ में खरीदे गए कार्तिक शर्मा का विकेट भी झटका.

मगर बृजेश के लिए यहां तक पहुंचने का सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा. वो न सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं, बल्कि अपना क्रिकेट करियर बनाने के लिए उन्हें अपना शहर और अपना प्रदेश तक छोड़ना पड़ा. बृजेश जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के रहने वाले हैं. आईपीएल ऑक्शन में खरीदे जाने के बाद एक इंटरव्यू में इस गेंदबाज ने बताया था कि उनके पिता मजदूरी करते हैं और इसके बावजूद पिता ने अपने बेटे को क्रिकेटर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. सिर्फ पिता ही नहीं, बल्कि दोस्तों ने भी बृजेश का अच्छे से साथ दिया और जरूरत पड़ने पर आर्थिक मदद देने के साथ ही मुश्किल वक्त में हौसला भी बढ़ाया.

हालांकि उधमपुर में रहकर उनका करियर आगे नहीं बढ़ रहा था, जिसके बाद उन्होंने बंगाल का रुख किया और अब बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) से जुड़ चुके हैं. हालांकि, यहां भी अभी तक बंगाल की ओर से बृजेश को क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन CAB की ओर से आयोजित बंगाल टी20 लीग में जरूर उन्हें जगह मिली. यहां उन्होंने 7 मैच में 11 विकेट लेकर अपनी पहचान बनाई और यहीं से आईपीएल स्काउट्स की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद राजस्थान रॉयल्स में उनकी एंट्री हो गई.