IPL 2026, MS Dhoni: आईपीएल 2026 की शुरुआत में ही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की मुश्किलें बढ़ गई हैं. टीम को लगातार 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है और अभी तक एक भी जीत नहीं मिली है. दूसरी ओर टीम के आइकन और पूर्व कप्तान एमएस धोनी पिंडली की चोट से जूझ रहे हैं. टूर्नामेंट के शुरुआत में फ्रैंचाइजी ने बताया था कि धोनी रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और पहले दो हफ्तों तक मैदान पर नहीं उतर पाएंगे. इस हिसाब से एमएस धोनी कम से कम 3 मुकाबले नहीं खेल पाएंगे. लेकिन अब चौथे मुकाबले से पहले उनकी वापसी पर एक और अपडेट सामने आया है.
एमएस धोनी की वापसी पर बड़ा सस्पेंस
महेंद्र सिंह धोनी की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है. क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी अभी भी चोट से उबरने की रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और अभी मैच फिट नहीं हैं. सीजन के शुरुआती तीन मैचों में उन्होंने टीम के साथ अवे गेम्स के लिए यात्रा नहीं की थी, वहीं घरेलू मैच में भी वह मैदान पर नहीं उतरे थे. 44 साल के धोनी फिलहाल चेन्नई में अपनी परिवार के साथ हैं और टीम के फिजियो और मसाजर की देखरेख में रिकवरी कर रहे हैं. कुछ दिन पहले उन्होंने नेट्स पर बैटिंग सेशन भी किया, लेकिन फूल फिटनेस हासिल करने में अभी समय लगेगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी को मैच खेलने लायक फिट होने में कम से कम एक हफ्ता और लग सकता है. ऐसे में 11 अप्रैल 2026 को एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले घरेलू मैच में उनके खेलने की संभावना काफी कम है. इसके बाद 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में भी उनके उतरने की उम्मीदें कमजोर ही हैं.
टीम को धोनी की वापसी की इंतजार
धोनी की गैरमौजूदगी में सीएसके की शुरुआत निराशाजनक रही है. पांच बार की चैंपियन टीम ने अभी तक कोई मैच नहीं जीता है, जो उनके लिए सीजन की दूसरी सबसे लंबी शुरुआती हार की सीरीज है. टीम को धोनी के अनुभव और फिनिशिंग स्किल्स की काफी जरूरत महसूस हो रही है. इसके अलावा, युवा खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस भी साइड स्ट्रेन की चोट के कारण पहले तीन मैचों से बाहर रहे हैं, हालांकि उनकी रिकवरी अच्छी चल रही है और अगले मैच के लिए उपलब्ध होने की संभावना है.