MS Dhoni Preparing Bat: आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है. सीजन ओपनर ब्लॉकबस्टर होने की उम्मीद है, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद एक दूसरे के आमने-सामने होंगे.
जबकि पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स अपने सीजन ओपनर में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी. पिछले सीजन राजस्थान की कमान संभालने वाले संजू सैमसन इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स से खेलते नजर आएंगे. जबकि लंबे समय तक सीएसके का हिस्सा रहे रवींद्र जडेजा, इस सीजन राजस्थान से खेलेंगे. वहीं फैंस की नजरें पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर होंगी. कयास लगाए जा रहे हैं कि यह धोनी का आखिरी सीजन है. वहीं इस सीजन के लिए थाला ने तैयारी भी शुरू कर दी है और फैंस को उम्मीद है कि एक बार फिर वह छक्कों की बरसात करते नजर आएंगे.
चेन्नई सुपर किंग्स ने एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में थाला ग्राइंडर से बल्ले को ग्राइंड करते नजर आ रहे हैं. सीएसके ने इस वीडियो को शेयर करते हुए इसका कैप्शन लिखा,”मास्टर ऑफ द क्राफ्ट”
‘धोनी के बिना CSK की कल्पना नहीं’
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कल्पना एमएस धोनी के बिना नहीं की जा सकती है, लेकिन धोनी शायद अपना आखिरी सीजन खेलने की तैयारी कर रहे हैं. जियोहॉटस्टार पर पठान ने कहा,”धोनी के बिना सीएसके और आईपीएल की कल्पना करना मुश्किल होगा. उनकी भूमिका अब टीम में सभी को एक साथ लाना होगी. धोनी अब संजू सैमसन और रुतुराज को फ्रैंचाइजी के भविष्य के लीडर के रूप में तैयार करने में मदद करेंगे.”
पठान ने कहा कि मुझे पक्का नहीं पता कि वह कितने गेम खेलेंगे, लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी से बहुत मदद मिलेगी. संजू को फायदा होगा क्योंकि वह भी नेतृत्व ग्रुप का हिस्सा होंगे. रुतुराज गायकवाड़ लीडर हैं. लेकिन एक ग्रुप के तौर पर, दो या तीन लोगों को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि वह कुछ अलग करेंगे. उनकी फिटनेस, बैटिंग पोजीशन और क्या वह सभी गेम खेलेंगे, इस बारे में सवाल अभी भी उठेंगे. सीएसके मैनेजमेंट ही इसके बारे में जवाब दे पाएगा. वे निश्चित रूप से अपनी छठी आईपीएल ट्रॉफी उठाकर धोनी को शानदार विदाई देने की कोशिश करेंगे. पिछले दिनों आईपीएल 2026 में धोनी की भूमिका और मैच की संख्या पर फ्रेंचाइजी के सीईओ कासी विश्वनाथ ने कहा था कि धोनी सभी मैच खेलेंगे, लेकिन उनका रोल टीम मैनेजमेंट तय करेगा.
धोनी लीग की शुरुआत से ही इसमें हमेशा मौजूद रहे हैं और सीएसके की पीली जर्सी की पहचान बन गए हैं. वह अपना 19वां सीजन खेलने के लिए तैयार हैं. धोनी आईपीएल के सफलतम विकेटकीपर बल्लेबाज और कप्तान हैं. धोनी की कप्तानी में सीएसके ने 5 बार आईपीएल की ट्रॉफी उठाई है. बतौर बल्लेबाज उनके रिकॉर्ड पर गौर करें तो 278 मैचों में उन्होंने 5439 रन बनाए हैं. धोनी 158 कैच पकड़ने के साथ ही 47 स्टंपिंग कर चुके हैं.