IPL 2026 Updated Points Table: पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच सोमवार को आईपीएल 2026 का 12वां मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 3.4 ओवर के खेल के बाद मैच रद्द करना पड़ा, जिससे दोनों टीम को एक-एक अंक मिला।
श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब टीम ने अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से बादशाहत छीन ली है। पीबीकेएस पांच अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। श्रेयस ब्रिगेड ने अपने शुरुआती दो मैचों में विजयी परचम फहराया था। आरसीबी दो मैचों में चार अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के भी चार-चार अंक हैं लेकिन आरसीबी का नेट रनरेट दोनों से बेहतर है।
KKR को भी मिली गई खुशी
केकेआर को भी खुशी मिली है। मैच रद्द होने के साथ केकेआर का तालिका में खाता खुल गया है। तीन बार की चैंपियन कोलकाता टीम को मौजूदा सीजन के अपने शुरुआती दो मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा था जबकि तीसरे मुकाबले में भी टीम दो विकेट पर 25 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। अगर मैच शुरू होता तो यह पांच ओवर का ही हो पाता और टीम को सिर्फ आठ गेंद और खेलने को मिलती जिससे संभवत: उसकी स्थिति काफी कमजोर होती। केकेआर पॉइंट्स टेबल में फिलहाल आठवें स्थान पर है। अब सिर्फ गुजरात टाइटंस (जीटी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ही हैं, जिनका खाता नहीं खुला है। जीटी दो और पांच बार की विजेता सीएसके लगातार तीन मैच हार चुकी है।
रहाणे और रघुवंशी नाबाद थे
कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था लेकिन उन्हें शुरुआत में ही दो बड़े झटके लगे। जेवियर बार्टलेट ने दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (6) और कैमरून ग्रीन (4) को तीन गेंद के भीतर आउट किया। दोनों ने विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह को कैच थमाए। बारिश के कारण जब खेल रोका गया तब कप्तान अजिंक्य रहाणे आठ जबकि युवा विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी सात रन बनाकर नाबाद थे। मैच के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार और नाइट राइडर्स के सह मालिक शाहरुख खान भी दर्शकों के बीच मौजूद थे। वह इस सीजन में पहली बार मैच देखने आए थे। केकेआर ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए थे। बीमार सुनील नरेन और चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह रोवमैन पावेल और नवदीप सैनी को शामिल किया था।