आईपीएल 2026 से पहले मुंबई इंडियंस के लिए मिली-जुली खबर सामने आई है. एक तरफ जहां स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी से फैंस को बड़ी राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर दो अहम विदेशी खिलाड़ियों की अनुपस्थिति ने टीम की चिंता बढ़ा दी है.
बुमराह पूरी तरह फिट, पहले मैच में खेलने को तैयार
जसप्रीत बुमराह हाल ही में बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस और वर्कलोड मैनेजमेंट पर काम कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक अब वह पूरी तरह फिट हैं और 29 मार्च को कोलकत्ता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले में खेल सकते हैं. उनकी वापसी से मुंबई की गेंदबाजी मजबूत जरूर होगी, खासकर डेथ ओवर्स में टीम को बड़ा सहारा मिलेगा.
विल जैक्स और सैंटनर अब तक नहीं जुड़े
लेकिन टीम के लिए चिंता की बात यह है कि विल जैक्स और मिचेल सैंटनर अभी तक स्क्वॉड से नहीं जुड़े हैं. दोनों खिलाड़ी 27 मार्च को हुए जरूरी प्रैक्टिस सेशन में भी नजर नहीं आए. हालांकि, उनकी अनुपस्थिति के पीछे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शेड्यूल और आराम को वजह माना जा रहा है. खासकर सैंटनर हाल ही में न्यूजीलैंड टीम की कप्तानी कर रहे थे और उन्हें सीरीज के बाद ब्रेक दिया गया था. उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी जल्द टीम के साथ जुड़ जाएंगे.
13 साल से मुंबई का शर्मनाक रिकॉर्ड
मुंबई इंडियंस के लिए एक और चुनौती उनका रिकॉर्ड है. टीम पिछले 13 सालों से आईपीएल का पहला मैच नहीं जीत पाई है. आखिरी बार 2013 में उन्होंने सीजन का ओपनिंग मुकाबला जीता था. अब कप्तान हार्दिक पांड्या की अगुवाई में टीम इस खराब रिकॉर्ड को तोड़ना चाहेगी.
हेड-टू-हेड में मुंबई का पलड़ा भारी
अगर आंकड़ों की बात करें तो मुंबई इंडियंस का कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रिकॉर्ड काफी मजबूत है. दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में मुंबई ने 24 मैच जीते हैं, जबकि केकेआर को 11 जीत मिली है. अब देखना होगा कि बुमराह की वापसी और बाकी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी के बीच मुंबई इंडियंस अपने पहले मैच में जीत का सूखा खत्म कर पाती है या नहीं.