LSG vs SRH: क्रिकेट में एक गलती बाजी पलट देती है. ठीक वैसे ही जैसे लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले मुकाबले में हुई. इस मैच का फाइनल नतीजा ये रहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हरा दिया. लेकिन, ये चीज उलटी हो सकती थी अगर SRH से भारी मिस्टेक ना होती. उससे वो चूक ना हुई होती, जो शायद उसने करके सबसे बड़ी गलती कर दी. सीधे शब्दों में कहें तो जिस मैच को LSG ने जीता, उसमें SRH की जीत हो सकती थी. अगर उसने LSG के खिलाड़ी से हुई गलती को चैलेंज किया होता. उसके खिलाफ अपील की होती.
LSG नहीं SRH की जीत थी तय?
अब आप सोच रहे होंगे कि सनराइजर्स हैदराबाद ने किस चीज को लेकर अपील नहीं की? LSG के किस खिलाड़ी ने कौन सी बड़ी गलती कर दी? इन दोनों सवालों के तार उसी गेंद से जाकर जुड़ते हैं, जिस पर लखनऊ सुपर जायंट्स को जीत मिली. दरअसल, जहां LSG जीतते दिख रही है, हो सकता था कि वहां SRH के सिर पर जीत का सेहरा सज सकता था. इसके लिए सनराइजर्स हैदराबाद को लखनऊ की टीम के खिलाड़ी आवेश खान से हुई चूक के खिलाफ अपील करना था. लेकिन, ऐसा ना करना ही SRH के लिए गले की हड्डी बन गया.
View this post on Instagram
LSG को महंगी पड़ सकती थी आवेश खान की ये गलती
अब सवाल है कि आवेश खान से गलती क्या हुई? LSG को जीत के लिए आखिरी ओवर की अंतिम 2 गेंदों पर 1 रन बनाना था. ऋषभ पंत स्ट्राइक पर थे. उन्होंने जयदेव उनादकट के ओवर की 5वीं गेंद पर ही गेंद को बाउंड्री लाइन की ओर खेल दिया. अब उसी दौरान बाउंड्री के बाहर खड़े LSG के खिलाड़ी आवेश खान ने गलती ये की कि उन्होंने गेंद को बाउंड्री पार करने से पहले ही बल्ले से रोक दिया. क्रिकेट में इसे लेकर नियम-कायदे हैं. मगर SRH से यहीं पर चूक हो गई. उसने शायद उस पर ध्यान नहीं दिया, जो आवेश खान ने किया.
क्या कहता है क्रिकेट का नियम?
ICC के कोड ऑफ कंडक्ट 20.1 के मुताबिक नॉन फील्डर के दखल के बाद वो गेंद डेड बॉल दी जा सकती थी. ICC के नियम 41 के मुताबिक उसे अनफेयर प्ले माना जा सकता था. इसके बदले अंपायर SRH को 5 रन की पेनल्टी गिफ्ट कर सकते थे.
SRH को अपील ना करना पड़ा महंगा
साफ है कि LSG को फिर 2 गेंदों में 1 रन नहीं बल्कि 6 रन जीत के लिए बनाने होते, जो कि जयदेव उनादकट जैसे SRH के गेंदबाज के आगे मुश्किल काम होता. मगर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ क्योंकि SRH ने अपील नहीं की. नतीजा ये हुआ कि मैच SRH की हार और LSG की जीत के साथ खत्म हुआ.