IPL 2026: 6,6,6,6,6,6…रोहित शर्मा ने मारे 11 छक्के, बल्ले से दिया करारा जवाब

मुंबई इंडियंस के ओपनर रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 में अपने पहले ही मैच में तूफानी अर्धशतक लगाया. इस अर्धशतक के दम पर मुंबई ने जीत दर्ज की. अब रोहित शर्मा ने अगले मैच के लिए तैयारी शुरू कर दी है.मुंबई को अगला मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 4 अप्रैल को खेलना है. ये मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा. इस मैच से पहले रोहित शर्मा ने अपनी बैटिंग फॉर्म को और बेहतर करने का ट्रेलर रिलीज कर दिया है. दरअसल रोहित शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है जिसमें वो छक्कों की बारिश कर रहे हैं.

रोहित ने मारे 11 छक्के

रोहित शर्मा का वीडियो मुंबई इंडियंस ने पोस्ट किया है जिसमें ये खिलाड़ी कमाल के स्ट्रोक्स खेल रहा है. रोहित वी एरिया में शॉट्स खेल रहे हैं. वो कवर्स, लॉन्ग ऑफ, लॉन्ग ऑन, मिड विकेट एरिया में सिक्स जड़ रहे हैं. रोहित ने कुल 11 छक्के मारे और सभी शॉट्स बेहद दिलकश नजर आ रहे हैं. रोहित शर्मा के हर शॉट में नजर आ रहा है कि उनकी फॉर्म कैसी चल रही है.

रोहित ने की केकेआर की धुनाई

रोहित शर्मा ने 29 मार्च को केकेआर के खिलाफ कमाल बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 78 रन बनाए. रोहित ने अपनी पारी में 6 छक्के और 6 चौके मारे थे. रोहित का स्ट्राइक रेट 205.2 रहा. उन्होंने रिकल्टन के साथ मिलकर 71 गेंदों में 148 रनों की साझेदारी की थी जिसके दम पर मुंबई ने 221 रनों का लक्ष्य महज 4 विकेट खोकर 19.1 ओवर में हासिल कर लिया.

रोहित शर्मा ने आईपीएल में 7124 रन बनाए हैं लेकिन इस खिलाड़ी के आंकड़े उनके कद से काफी कम नजर आते हैं. आईपीएल में रोहित के बल्ले से 2 ही शतक निकले हैं. उनका औसत भी 30 से कम है. पिछले सीजन रोहित ने 418 रन बनाए लेकिन उनका औसत 29.8 रहा. इस सीजन रोहित ने धमाकेदार शुरुआत की है, उनके फैंस चाहेंगे कि हिटमैन रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करें.