IPL 2026: 4 ऑस्ट्रेलियाई, एक भारतीय समेत ये 7 तेज गेंदबाज बाहर, इस वजह ने किया मजबूर

IPL 2026, List Of Injured Pacers: आईपीएल 2026 का आगाज होने जा रहा है. 28 मार्च अब ज्यादा दूर नहीं. लेकिन, उससे पहले 4 ऑस्ट्रेलियाई, एक भारतीय समेत 7 तेज गेंदबाजों के लीग से बाहर होने की खबर ने हड़कंप मचा दिया है. बड़ी बात ये है कि 7 में से 6 पेसर के बाहर होने की वजह भी एक ही है. सवाल ये भी है कि इससे किस टीम को कितना नुकसान होने वाला है? हम जिन तेज गेंदबाजों के बाहर होने की बात कर रहे हैं, उनमें सबसे ज्यादा 4 ऑस्ट्रेलिया के हैं और उसमें से एक तो पहली बार ही आईपीएल खेलने जा रहा था. बाहर होने वाले 7 तेज गेंदबाजों की लिस्ट में एक भारतीय भी है.

ये 7 तेज गेंदबाज बाहर

IPL 2026 से बाहर होने वाले 7 तेज गेंदबाज कौन हैं, आइए एक-एक कर पहले उन सबके नाम जान लेते हैं. इन में ऑस्ट्रेलिया से पैट कमिंस, जॉश हेजलवुड, नाथन एलिस और जैक एडवर्ड्स का नाम है. न्यूजीलैंड से लॉकी फर्ग्युसन, इंग्लैंड से सैम करन और भारत से हर्षित राणा का नाम शामिल है. इन सात में 6 पेसर इंजरी के चलते IPL 2026 से बाहर हुए हैं. वहीं एक तेज गेंदबाज के बाहर होने की वजह प्रोफेशनल और पर्सनल दोनों बताई जा रही है.

ये 3 पेसर शुरुआती मुकाबलों से बाहर

IPL फ्रेंचाइजियों के लिए अच्छी बात ये है कि 7 में से 3 तेज गेंदबाज पूरे सीजन के लिए बाहर नहीं हुए हैं. बल्कि, वो सिर्फ IPL 2026 के शुरुआती मुकाबलों या पहले हाफ तक से बाहर रहेंगे. इनमें पैट कमिंस, जॉश हेजलवुड और लॉकी फर्ग्युसन का नाम शामिल है.

IPL 2026 में पैट कमिंस, सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े हैं. मगर वो अभी तक अपनी इंजरी से पूरी तरह से रिकवर नहीं हो पाए हैं, जिसके चलते शुरुआती कुछ मुकाबलों से बाहर रहेंगे. उनके अलावा हेजलवुड भी चोटिल हैं. RCB के इस स्टार गेंदबाज के पहले दो मैचों से बाहर रहने की खबर है.

लॉकी फर्ग्युसन के बाहर होने की खबर प्रोफेशनल और पर्सनल दोनों है. IPL 2026 के लिए पंजाब किंग्स ने उन्हें खुद से जोड़ा है. मगर नेशनल ड्यूटी और अपने नवजात बेटे के साथ समय बिताने को लेकर वो IPL 2026 के शुरुआती चरण के मुकाबलों से बाहर रहेंगे.

ये 4 तेज गेंदबाज IPL 2026 में नहीं खेलेंगे

इन तीन तेज गेंदबाजों के अलावा जो बाकी चार पेसर- हर्षित राणा, सैम करन, जैक एडवर्ड्स और नाथन एलिस- हैं, वो पूरी तरह से IPL 2026 से बाहर हो चुके हैं. हर्षित राणा को घुटने की इंजरी से नहीं उबर पाने के चलते IPL 2026 से बाहर होना पड़ा है. वो KKR के साथ जुड़े थे. सैम करन को राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स से ट्रेड किया था, लेकिन चोट के चलते वो इस सीजन से बाहर हो गए हैं.

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस के बाहर होने से चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है. एलिस अपनी हैमस्ट्रिंग इंजरी को लेकर IPL 2026 से बाहर हुए हैं. उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के ही जैक एडवर्ड्स, जो इस बार अपना पहला आईपीएल खेलते दिखते, उन्हें अब इंतजार करना पड़ेगा. 25 साल के जैक एडवर्ड्स को सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा था. मगर इंजरी के चलते उन्हें अपना नाम IPL 2026 से वापस लेना पड़ा है.