IPL 2026: समीर रिज्वी के 14 शॉट्स ने मुंबई को घुटने टेकने पर किया मजबूर, दिल्ली को दिलाई तूफानी जीत

IPL 2026, Sameer Rizvi: दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 के 8वें मैच में मुंबई इंडियंस को हराकर शानदार जीत दर्ज की. अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में समीर रिज्वी के बल्ले से एक विस्फोटक और यादगार पारी देखने को मिली, जिसके चलते दिल्ली ने ये मैच 6 विकेट से अपने नाम कर लिया. ये दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी जीत है. वहीं, मुंबई को सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा.

मुंबई इंडियंस ने बोर्ड पर लगाए 162 रन

मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 162 रन बनाए. टीम की शुरुआत खराब रही, जब मुकेश कुमार ने एक ही ओवर में रायन रिकल्टन और तिलक वर्मा को आउट कर दिया. वहीं, रोहित शर्मा ने 26 गेंदों पर 35 रन बनाकर एक छोर संभाला, लेकिन अक्षर पटेल की गेंद पर आउट हो गए. सूर्यकुमार यादव ने 51 रनों की उपयोगी पारी खेली, वहीं नमन धीर ने 28 रन जोड़े. दिल्ली की गेंदबाजी में मुकेश कुमार ने 2 विकेट लिए, इसके अलावा अक्षर पटेल, लुंगी एनगिडी, विप्रज निगम और टी नटराजन को 1-1 विकेट मिला.

समीर रिज्वी की पारी MI पर पड़ी भारी

162 रनों के टारेगट का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत भी झटकों भरी रही. केएल राहुल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, नितीश राणा रन आउट का शिकार बने. इसके बाद पाथुम निसांका ने 44 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को कुछ संभाला, लेकिन 73 के स्कोर पर तीसरा विकेट गिरने के बाद दबाव बढ़ गया. इसके बाद समीर रिज्वी ने पारी को संभाला और तूफानी अंदाज में रन बनाए.

समीर रिज्वी ने 51 गेंदों का सामना करते हुए 176.47 की स्ट्राइक रेट से 90 रन ठोके और मुकाबले को मुंबई से पूरी तरह दूर कर दिया. उनकी इस पारी में 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. यानी उन्होंने 70 रन सिर्फ चौके-छक्कों से बटोरे और ये 14 शॉट्स ही मुंबई की हार का कारण बने. सिमर रिज्वी की इस यादगार पारी के चलते दिल्ली ने इस टारगेट को 18.1 ओवर में हासिल कर लिया.