IPL 2026, Arjun Tendulkar Rishab Pant: अर्जुन तेंदुलकर और ऋषभ पंत आईपीएल की तैयारी में जुटे हुए हैं.अर्जुन एक ओर अपनी यॉर्कर्स को धार दे रहे हैं वहीं ऋषभ पंत ने हाल ही में युवराज सिंह से ट्रेनिंग ली है जिसमें उन्होंने अपने बैट स्विंग पर काम किया है. इस बीच पंत और अर्जुन तेंदुलकर का एक वीडियो लखनऊ सुपरजायंट्स ने पोस्ट किया है जो बेहद ही दिलचस्प है. इस वीडियो में पंत और अर्जुन आपस में बात कर रहे हैं. पंत ने इस दौरान अर्जुन तेंदुलकर के बल्ले पर कमेंट किया. उन्होंने अर्जुन से पंत के बैट का वजन पूछ लिया.
अर्जुन ने पंत को बताया बल्ले का वजन
अर्जुन से पंत ने पूछा, ‘तेरा कितना है भाई?’ इस पर अर्जुन ने बताया 1220 ग्राम. अर्जुन से इसके बाद पंत ने पूछा कि भारी बल्ले से क्या फायदा है तो इसपर अर्जुन ने बताया कि बस गेंद को टच करो और हो जाता है. इसके बाद अर्जुन ने कहा कि पापा तो 1310-1315 से खेलते थे. अर्जुन ने कहा कि वो 1200 ग्राम से हल्का बल्ला इस्तेमाल नहीं करते हैं. बता दें सचिन तेंदुलकर ने अपने पूरे करियर में भारी बल्ले का इस्तेमाल किया जिससे उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक लगाए.
Already loving this new Rishabh-Arjun bond
pic.twitter.com/pa79YqebbU
— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) March 18, 2026
पंत ने की अर्जुन तेंदुलकर की तारीफ
इसी वीडियो में ऋषभ पंत अपनी टीम के नए बॉलिंग ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर से भी काफी प्रभावित नजर आए. पंत ने कहा, ‘आप युवी पाजी के साथ प्रैक्टिस कर रहे थे पूरे टाइम? शादी के अगले दिन भी.’ बता दें अर्जुन तेंदुलकर ने 5 मार्च को सानिया चांडोक से शादी की और अगले दिन वो डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में मैच खेलने उतरे थे. पंत ने उनके खेल के प्रति इसी जुनून की जमकर तारीफ की थी.
लखनऊ से पहली बार खेलेंगे अर्जुन
अर्जुन तेंदुलकर के आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस से हुई थी. पिछले चार सालों से वो मुंबई इंडियंस की टीम में ही शामिल थे. 2023 में उन्हें डेब्यू का मौका मिला और उन्होंने अबतक चार मैचों में तीन विकेट लिए हैं. अब लखनऊ की टीम ने सचिन के बेटे को अपनी टीम में शामिल किया है. देखना ये है कि अर्जुन को इस सीजन कितने मैचों में मौका मिलेगा और वो कैसा प्रदर्शन करते हैं.


pic.twitter.com/pa79YqebbU