Sanju Samson Upcoming IPL 2026 Record: टी20 विश्व कप 2026 में संजू सैमसन भारतीय टीम के लिए सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरे. उन्होंने नॉकआउट मुकाबलों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई. वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में नाबाद 97 रन, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 89 रनों की पारी खेलकर उन्होंने अपनी मैच जिताऊ क्षमता साबित की.
आईपीएल में खास रिकॉर्ड के करीब सैमसन
विश्व कप में दिखाए गए इसी फॉर्म को बरकरार रखते हुए अब सैमसन की नजर आईपीएल 2026 में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने पर है. वह 5,000 रन पूरे करने के बेहद करीब हैं, जो एक विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में अब तक सिर्फ एमएस धोनी ही कर पाए हैं.
एमएस धोनी ने 2008 से 2025 के बीच 278 मैचों में 5,439 रन बनाए हैं और वह इस आंकड़े तक पहुंचने वाले इकलौते विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. हालांकि केएल राहुल के नाम भी 5,000 से ज्यादा रन हैं, लेकिन उन्होंने हर मैच में विकेटकीपर की भूमिका नहीं निभाई.
300 रन से भी कम दूर ऐतिहासिक मुकाम
संजू सैमसन ने 2013 से 2025 तक 177 मैचों में 4,704 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं. उन्हें 5,000 रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए केवल 296 रनों की जरूरत है. अगर वह यह उपलब्धि हासिल करते हैं, तो वह इस खास क्लब में शामिल होने वाले दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन जाएंगे.
CSK की जर्सी में दिखेंगे सैमसन
आईपीएल 2026 में यह उपलब्धि सैमसन के लिए और भी खास हो सकती है, क्योंकि इस बार वह चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे. खास बात यह है कि वह उसी टीम का हिस्सा होंगे, जिसके लिए एमएस धोनी लंबे समय तक खेलते रहे हैं.
सैमसन 2018 से राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े हुए थे और 2021 में टीम की कप्तानी भी संभाली थी. उनकी अगुवाई में टीम 2022 में फाइनल तक पहुंची थी. 2025 सीजन के बाद उन्होंने टीम से अलग होने का फैसला किया, जिसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें ट्रेड के जरिए अपने साथ जोड़ लिया.