IPL 2026 में उतरने वाले हैं युवराज सिंह के ये 7 चेले, गेंदबाजों पर भारी पड़ेंगे अकेले

बस कुछ दिन की बात है और फिर 28 मार्च से आईपीएल 2026 का जलवा शुरू हो जाएगा. हर साल की तरह एक बार फिर दुनियाभर के कुछ सबसे बेहतरीन क्रिकेटर 10 अलग-अलग टीमों की ओर से मैदान पर जोर-आजमाइश करेंगे. मगर इस बार कुछ ऐसे सितारे भी मैदान पर उतरेंगे, जिनमें एक बात कॉमन होगी और वो हैं युवराज सिंह. टीम इंडिया के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह का भारतीय क्रिकेट की नई पीढ़ी पर जबरदस्त असर नजर आ रहा है और इस बार 7 ऐसे खिलाड़ी IPL में अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं, जिन्हें किसी न किसी रूप में युवराज ने हाल के वक्त में कुछ ज्ञान दिया है.

अभिषेक शर्मा

इसमें सबसे ऊपर तो अभिषेक शर्मा ही हैं, जो लंबे समय से युवराज सिंह के साथ जुडे़ रहे हैं. युवराज ने उनके गेम में काफी सुधार किया, जिसका असर आईपीएल के पिछले 2 सीजन में दिखा और टीम इंडिया में उनकी एंट्री भी हुई. पिछले करीब 2 साल में इंटरनेशनल क्रिकेट में अभिषेक ने तहलका मचाया था. हालांकि, उनके लिए टी20 वर्ल्ड कप बहुत अच्छा नहीं रहा था और अब IPL में एक बार फिर सनराइजर्स हैदराबाद के जरिए वो फॉर्म में वापसी की उम्मीद करेंगे.

View this post on Instagram

A post shared by Yuvraj Singh World (@yuvrajsinghworld)

शुभमन गिल

पंजाब क्रिकेट से आने वाले अभिषेक के ही साथी और टीम इंडिया के वनडे-टेस्ट कप्तान शुभमन गिल भी युवराज सिंह के चेले रहे हैं और उन्होंने भी काफी वक्त युवराज की निगरानी में अपनी बैटिंग को सुधारने में गुजारा है. गुजरात टाइटंस के कप्तान गिल के लिए ये सीजन बहुत ही अहम है क्योंकि वो टी20 टीम में अपनी जगह गंवा चुके हैं और उनके लिए वापसी मुश्किल नजर आ रही है. ऐसे में इस सीजन में वो अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं.

संजू सैमसन

ये नाम किसी को भी चौंका सकता है क्योंकि न तो संजू सैमसन पंजाब क्रिकेट से जुड़े हैं और न ही युवराज सिंह किसी IPL टीम में सैमसन के साथ खेले हैं. मगर हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप के बीच में आकर सबसे यादगार प्रदर्शन करने वाले सैमसन ने खुलासा किया कि युवराज ने उनकी मदद की थी. सैमसन ने बताया था कि वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले खुद युवराज और रॉबिन उथप्पा ने उन्हें कॉल किया था और मदद की पेशकश की थी. इसके बाद सैमसन ने कुछ वक्त युवराज के साथ गुजारा था, जिसका असर वर्ल्ड कप में दिखा और अब IPL में भी नजर आ सकता है.

ऋषभ पंत

युवराज सिंह ने जब संन्यास का ऐलान किया था, तब उन्होंने ऐलान किया था कि ऋषभ पंत टीम इंडिया में उनकी जगह भर सकते हैं. हालांकि वनडे और टी20 में पंत ऐसा करने में नाकाम रहे और लगातार सवालों से घिरे रहते हैं. मगर IPL 2026 सीजन से ठीक पहले पंत ने भी युवराज के साथ कुछ वक्त ट्रेनिंग की, जिसके वीडियो खुद लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ने पोस्ट किए. ऐसे में अगर पंत इस सीजन में कुछ कमाल करते हैं तो उसमें युवराज की मेंटॉरशिप की भी भूमिका हो सकती है.

View this post on Instagram

A post shared by Rishabh Pant (@rishabpant)

प्रभसिमरन सिंह

अभिषेक और गिल की तरह ही पंजाब क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को भी युवराज ने पिछले 2-3 सालों में गाइड किया है. पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले प्रभसिमरन के प्रदर्शन में ये नजर भी आया है, जो पिछले सीजन में काफी शानदार रहा था. पंजाब के फाइनल तक पहुंचने में प्रभसिमरन की बड़ी भूमिका थी. अब एक बार फिर वो अपने मेंटॉर की मदद के दम पर पंजाब को खिताब दिलाने की उम्मीद के साथ उतरेंगे.

प्रियांश आर्या

वैसे तो प्रियांश टीम इंडिया में नहीं आए हैं और न ही वो पंजाब क्रिकेट का हिस्सा हैं लेकिन युवराज ने फिर भी दिल्ली के इस बल्लेबाज की मदद की है. आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले ओपनर प्रियांश आर्या ने पिछले आईपीएल सीजन के बाद कुछ वक्त युवराज सिंह की एकेडमी में बिताया था, जहां उनके साथ प्रभसिमरन भी थे. प्रियांश ने इसके बाद दिल्ली की टीम के लिए कुछ अच्छी पारियां खेली थीं. मगर उनका असली जलवा अब IPL में दिखेगा.

View this post on Instagram

A post shared by Jigu Yuvian (@yuviboy.12)

अर्जुन तेंदुलकर

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर के लिए आईपीएल का ये सीजन बहुत अहम होगा. मुंबई इंडियंस में 4 सीजन बिताने के बावजूद उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले लेकिन इस बार वो लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बने हैं. माना जा रहा है इस बार तेंदुलकर को नियमित मौके मिल सकते हैं. ऐसे में नया सीजन शुरू होने से पहले अर्जुन ने भी युवराज से कुछ टिप्स लिए, जो उनकी बैटिंग में मददगार साबित हो सकते हैं.