IPL 2026, SRH vs PBKS: न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2026 के 17वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को निराशा हाथ लगी. SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 219 रन बनाए, लेकिन पंजाब किंग्स (PBKS) ने इस टारगेट को आसानी से हासिल कर लिया. पंजाब किंग्स ने 220 रनों के टारगेट को 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर पूरा कर लिया और मैच 6 विकेट से अपने नाम कर लिया.
हैदराबाद ने बोर्ड पर लगाया बड़ा स्कोर
इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत काफी आक्रामक रही. अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों पर 74 रन की तूफानी पारी खेली और ट्रेविस हेड ने 23 गेंदों पर 38 रन बनाए. दोनों ने मिलकर पावरप्ले में 105 रन जोड़ दिए. लेकिन मिडिल में ऑर्डर हेनरिक क्लासेन ने 33 गेंदों पर सिर्फ 39 रन बनाए. उनकी धीमी बल्लेबाजी के कारण SRH की टीम 20 ओवर के बाद 219 रन तक ही पहुंच सकी. ईशान किशन ने भी 17 गेंदों पर 27 रन बनाए और अनिकेत वर्मा ने 9 गेंदों पर 18 रन का योगदान दिया.
दूसरी ओर, पंजाब किंग्स की गेंदबाजी में शशांक सिंह ने 3 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए और मैच को संभाला. वहीं, अर्शदीप सिंह ने भी 2 विकेट चटकाए, इसके अलावा जेवियर बार्टलेट को 1 विकेट मिला.
पंजाब किंग्स ने आसानी से चेज किया टारगेट
टारेगट का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत भी विस्फोटक रही. प्रियांश आर्या ने 20 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली और सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. वहीं, प्रभसिमरन सिंह ने 25 गेंदों पर 51 रन बनाए. दोनों ने पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 99 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी. फिर कप्तान श्रेयस अय्यर ने 33 गेंदों पर नाबाद 69 रन की शानदार पारी खेली और चेज को आसान बना दिया. शशांक सिंह अंत में 16 रन बनाकर नाबाद रहे.
बता दें, पंजाब किंग्स की इस सीजन में ये तीसरी जीत है. उसने कुल 4 मुकाबले खेले हैं, लेकिन एक मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था. वह पॉइंट्स टेबल में 7 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है. वहीं, हैदराबाद 4 मैचों में 3 हार के साथ छठे नंबर पर है.