IPL 2026, Mukul Choudhary: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की मिनी ऑक्शन में कई अनकैप्ड खिलाड़ियों ने ध्यान खींचा था, लेकिन राजस्थान के 21 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज मुकुल चौधरी का प्रदर्शन सबसे अलग रहा. बेस प्राइस सिर्फ 30 लाख रुपए रखने वाले इस युवा ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 2.60 करोड़ रुपए तक बोली लगाने पर मजबूर कर दिया था. अबू धाबी में हुए इस ऑक्शन में मुकुल के लिए जबरदस्त बिडिंग वॉर हुआ, जहां राजस्थान रॉयल्स ने शुरुआत की, मुंबई इंडियंस भी शामिल हुए, लेकिन अंत में LSG ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया. इस खिलाड़ी के क्रिकेटर बनने के पीछे उनके पिता की एक कसम का भी बड़ा हाथ है.
पिता की कसम ने मुकुल को बना दिया क्रिकेटर
मुकुल चौधरी झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी कस्बे के रहने वाले हैं. छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने सीकर की एबीएस क्रिकेट एकेडमी में ट्रेनिंग ली. वह विकेटकीपर और बल्लेबाज के अलावा तेज गति के गेंदबाज भी हैं. घरेलू क्रिकेट में राजस्थान टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेली, जिसने उनकी कीमत को आसमान छूने में मदद की थी.
मुकुल का क्रिकेट करियर संघर्षों से भरा रहा है. उनका सफर आसान नहीं था, लेकिन उनके पिता के समर्थन ने उन्हें मजबूत बनाया. हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में मुकुल ने ‘बात एंड बॉल’ नाम के यूट्यूब चैनल को अपनी जर्नी बताते हुए कहा कि उन्होंने और उनके पिता ने कभी कोई दूसरा विकल्प नहीं सोचा. क्रिकेटर बनना ही इकलौता टारगेट था. जब वह पहली बार गांव से एकेडमी के लिए निकले, तो पिता ने उन्हें साफ कहा था कि गांव में तब तक वापस नहीं लौटना है जब तक क्रिकेटर बनकर इज्जत के साथ नहीं लौटोगे. पिता ने यह भी सख्त हिदायत दी कि कोई नौकरी नहीं करनी, जो कुछ करना है क्रिकेट में ही करना है.
View this post on Instagram
मुकुल चौधरी का क्रिकेट करियर
मुकुल चौधरी ने अभी तक 4 फर्स्ट क्लास, 5 लिस्ट ए और 7 टी20 मैच खेले हैं. मुकुल चौधरी ने राजस्थान के लिए टी20 फॉर्मेट में साल 2023 में डेब्यू किया था. इस 7 टी20 मैचों में उनके नाम 210 रन दर्ज हैं, जिसमें 2 अर्धशतक भी शामिल हैं. टी20 में उनका स्ट्राइक रेट 165.35 का है. अब वह आईपीएल में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं, जो उनके करियर में एक बड़ा मोड़ ला सकता है.