टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की खिताबी जीत का जश्न जारी है. भारतीय फैंस अभी भी इस जीत के खुमार में डूबे हुए हैं. वहीं वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी फिलहाल अपने-अपने घरों को लौट गए हैं और ब्रेक पर हैं. कुछ दिनों का ये ब्रेक उनके लिए जरूरी भी है क्योंकि फिर शुरू हो जाएगी IPL 2026 की रेस, जहां ये सभी खिलाड़ी अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के लिए मैदान पर जोर-आजमाइश करेंगे. इस वर्ल्ड चैंपियन टीम के 2 स्टार खिलाड़ी नए सीजन के पहले ही मैच में मैदान पर उतरेंगे, जहां उनका सामना डिफेंडिंग IPL चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा.
IPL का नया सीजन 28 मार्च से शुरू होने वाला है, जिसका ऐलान हो चुका है. ये सीजन 31 मई तक चलेगा. अभी तक इसका शेड्यूल जारी नहीं हुआ है लेकिन BCCI के सचिव देवजीत सैकिया का कहना है कि 12 मार्च तक टूर्नामेंट के शुरुआती 20 दिन का शेड्यूल आ जाएगा. हालांकि, ये पहले से ही साफ था कि हमेशा की तरह इस बार भी टूर्नामेंट का पहले मैच में डिफेंडिंग चैंपियन मैदान पर उतरेगी, जो इस बार RCB है. मगर उसके सामने कौन सी टीम होगी, इसका खुलासा अभी तक आधिकारिक रूप से नहीं हुआ है.
किस मैच से होगा IPL 2026 का आगाज?
अब क्रिकबज की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि IPL 2026 का पहला मैच बेंगलुरु और 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा. बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को टूर्नामेंट के आयोजन की इजाजत मिलने के बाद इस मैच के वहीं खेले जाने की उम्मीद है. इसकी वजह हमेशा की तरह एक सुपरहिट मुकाबले और मशहूर वेन्यू के साथ सीजन का आगाज करना है.
इस तरह पहले ही मैच में विराट कोहली और एमएस धोनी जैसे सितारों के अलावा टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया के 2 स्टार, संजू सैमसन और शिवम दुबे भी मैदान पर नजर आएंगे.वहीं पिछले सीजन की उप-विजेता पंजाब किंग्स सीजन के दूसरे दिन यानि 29 मार्च को ही अपना पहला मैच खेलेगी, जिसमें उसका सामना गुजरात टाइटंस से हो सकता है. RCB की तरह पंजाब भी अपने होम ग्राउंड मुल्लांपुर से सीजन का आगाज करेगी.
नए सीजन से पहले कप्तानों की मीटिंग
वहीं रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि इस बार सीजन शुरू होने से 3 दिन पहले 25 मार्च को मुंबई में BCCI के हेडक्वार्टर में ‘कैप्टन्स मीट’ का आयोजन होगा. हर साल नए सीजन से पहले बोर्ड कप्तानों की एक मीटिंग रखती है, जिसमें नए सीजन के लिए नियम-कानूनों और प्लेइंग-कंडीशंस में बदलाव को लेकर उन्हें जानकारी दी जाती है. इस बार BCCI नए सीजन में क्या बदलाव करने जा रही है, ये फिलहाल साफ नहीं है. शेड्यूल के ऐलान के बाद ये जानकारी बाहर आने की उम्मीद है.