IPL 2026: एक और खिलाड़ी ने PSL को मारी ठोकर, आईपीएल की इस टीम में मिला मौका

आईपीएल के साथ ही PSL के आयोजन की जिद अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भारी पड़ रही है. 26 मार्च से पाकिस्तानी लीग की शुरुआत होने वाली है लेकिन उससे पहले ही कई विदेशी खिलाड़ी अपना नाम वापस ले रहे हैं. वजह है IPL में खेलने का मौका. दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग, IPL का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है लेकिन उससे पहले ही कई खिलाड़ी चोट के कारण बाहर हो गए हैं. इस लिस्ट में एक नया नाम जुड़ गया है और ये हैं श्रीलंका के टी20 कप्तान दासुन शानका, जो PSL छोड़कर IPL में आ रहे हैं.

IPL की इस टीम में मिला मौका

श्रीलंकाई कप्तान और ऑलराउंडर दासुन शानका 26 मार्च से शुरू हो रही पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन में लाहौर कलंदर्स का हिस्सा हैं. इस टीम ने शानका को पहली बार हुई ऑक्शन में 75 लाख पाकिस्तानी रुपये में खरीदा था. जहां शानका इस टूर्नामेंट में खेलने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनके लिए IPL के दरवाजे खुल गए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शानका को राजस्थान रॉयल्स साइन करने जा रही है और जल्द ही इसका ऐलान हो सकता है.

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स के अधिकारियों ने बताया है कि वो शानका को साइन करने जा रहे हैं और श्रीलंका क्रिकेट के साथ कुछ जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद उनके नाम का ऐलान हो जाएगा. श्रीलंकाई स्टार को ये मौका राजस्थान रॉयल्स के इंग्लिश ऑलराउंडर सैम करन की चोट के कारण मिला, जो टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. ये तीसरा मौका है, जब शानका IPL में खेलने उतरेंगे लेकिन संयोग से तीनों बार वो ऑक्शन में खरीदे जाने के बजाए किसी खिलाड़ी के इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर आ रहे हैं.