अगर आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तो क्या टीम के कप्तान ऋषभ पंत की छुट्टी हो जाएगी? ये पढ़कर हर कोई चौंक जाएगा और स्वाभाविक भी है. अभी टूर्नामेंट शुरू हुआ भी नहीं है और अभी से पंत को हटाए जाने की बात होने लगी. मगर ये सवाल ऐसे ही नहीं उठा है? इसकी एक बड़ी वजह है और वो वजह हैं LSG के मालिक संजीव गोयनका और उनका एक बयान, जिससे फैंस भड़क गए हैं और उन पर हमलावर हो गए हैं. मगर गोयनका ने आखिर ऐसा कहा क्या है? चलिए आपको बताते हैं.
आईपीएल 2026 सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है, जिसमें लखनऊ का पहला मैच 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा. पिछले सीजन में 7वें स्थान पर रहने के बाद लखनऊ इस उम्मीद में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद से उतरेगी. इसको लेकर कप्तान पंत पर भी दबाव होगा, जो आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं. पिछले सीजन में खुद पंत भी बल्ले से फेल रहे थे. ऐसे में उनके लिए ये सीजन कप्तानी और बल्लेबाजी में खुद को साबित करने के लिए बहुत अहम होने वाला है.
जाहिर तौर पर पंत भी इस बात को जानते होंगे कि एक खराब सीजन उनकी मुश्किलें बढ़ा सकता है. खास तौर पर टीम के मालिक गोयनका के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने तो इसको लेकर इशारे भी कर दिए हैं. IPL 2026 में टीम के पहले मैच से ठीक 13 दिन पहले गोयनका ने एक्स पर एक पोस्ट लिखा, “मैं लोगों को इस बात से मापता हूं कि वो कैसे नतीजे देते हैं, न कि इस बात से कि वो कितने देर बैठकर काम करते हैं लेकिन कुछ नतीजा नहीं देते. आउटपुट ही इकलौता ईमानदार मापदंड है.”
नए IPL सीजन के इतने करीब आकर इस पोस्ट ने खलबली मचा दी है और सवाल उठने लगे हैं कि क्या वो ये बात अपनी फ्रेंचाइजी और खास तौर पर कप्तान पंत को लेकर कह रहे हैं. क्या ये कहीं पंत के लिए वॉर्निंग तो नहीं है कि अगर ये सीजन अच्छा नहीं गुजरा तो वो उन्हें कप्तानी से हटा देंगे और शायद रिलीज भी कर देंगे! उनकी इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने कमेंट कर जमकर खरी-खोटी सुनाई कि स्पोर्ट्स को इस तरह से नहीं मापा जा सकता.
गोयनका को इसलिए भी घेरा जा रहा है क्योंकि उनकी पहचान ऐसे ही मालिक के रूप में बन गई है, जो क्रिकेट से फैसलों पर काफी दखल देते हैं और खिलाड़ियों को खुलेआम फटकार भी देते हैं. लखनऊ के पूर्व कप्तान केएल राहुल के साथ उनका बर्ताव इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जब आईपीएल 2024 सीजन में एक मैच के बाद उन्होंने खुलेआम बीच मैदान पर राहुल पर अपनी भड़ास निकाली थी. इसी तरह पिछले सीजन में कुछ मुकाबलों में पंत के आउट होने पर या टीम के हारने पर भी वो खुलेआम नाराजगी जताते दिखे थे. इससे पहले जब वो राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के मालिक थे, उस वक्त भी उन्होंने सिर्फ एक सीजन की नाकामी के बाद एमएस धोनी जैसे दिग्गज को कप्तानी से हटा दिया था, जिस पर तब भारी बवाल मचा था.